MURDER MYSTERY: इंदौर में प्यार,शक और सनक का खौफनाक अंत, MBA छात्रा की हत्या के बाद शव से दरिंदगी,मुंबई भागा कातिल, याद सताने पर यू-ट्यूब पर सीखे आत्मा बुलाने के टोटके,ऐसे देता रहा पुलिस को चकमा,पूछताछ में हुए कई सनसनीखेज खुलासे,पढ़ें पूरी खबर
इंदौर। एमबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पीयूष धामनोदिया की करतूतों ने पुलिस को भी स्तब्ध कर दिया है। हत्या के बाद उसके व्यवहार और गतिविधियों ने जांच टीम को हैरान कर दिया। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी की मानसिक स्थिति असामान्य दिखाई दी।

पूछताछ में टूटा आरोपी
द्वारकापुरी थाना पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपी कई बार भावुक हो गया। वह छात्रा को याद कर रोने लगा और उससे बात करने की जिद करता रहा। पुलिस ने उसे समझाया कि वह स्वयं हत्या कर चुका है। इसके बाद उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वारदात के बाद उसने शराब पी और शव के साथ अमानवीय कृत्य किया। टीआई मनीष मिश्रा के अनुसार आरोपी की मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है।

कमरे में हत्या, फिर नशा कर फरार
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी ने कमरे में ही नशा किया। इसके बाद वह स्टेशन पहुंचा, जहां सिम कार्ड तोड़कर फेंक दिया और नया सिम ले लिया। फिर मुंबई जाने वाली ट्रेन में सवार हो गया। मुंबई पहुंचकर वह एक लॉज में ठहरा और नौकरी की तलाश शुरू कर दी। दो दिन बाद उसे सोशल मीडिया से पता चला कि इंदौर स्थित उसके कमरे से छात्रा का शव बरामद हो चुका है।

100 किमी पर बदलता रहा ट्रेन
शव मिलने के बाद आरोपी ने छात्रा का मोबाइल मुंबई में ऑन किया। इसके बाद वह अलग-अलग ट्रेनों में बैठकर लगभग 100 किमी के अंतराल पर ट्रेन बदलता रहा, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके और पुलिस गुमराह होती रहे। इंदौर पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे अंधेरी रेलवे स्टेशन के ब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसे तीन दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

मुंबई में टोने-टोटके की क्रिया
आरोपी ने पुलिस को बताया कि मुंबई पहुंचने के बाद छात्रा की याद उसे सताने लगी। उसने यू-ट्यूब पर आत्मा से बात करने के तरीके खोजे और नाला सोपारा क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर टोने-टोटके की क्रिया की। इसके लिए उसने कुंकुं, हल्दी, चूड़ियां और बिंदिया जैसे शृंगार का सामान खरीदा। छात्रा का आधार कार्ड और अंगूठी उसके पास पहले से थी। उसे विश्वास था कि छात्रा सपने में आकर उससे बात करेगी।

मोबाइल बरामदगी के लिए फिर ले जाएगी पुलिस
डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी के अनुसार आरोपी ने ट्रेन में बैठने के बाद छात्रा का अश्लील वीडियो कॉलेज ग्रुप में अपलोड किया और व्हाट्सएप स्टेटस पर भी लगाया। परिजनों को गुमराह करने के लिए छात्रा के मोबाइल से घर न आने के संदेश भी भेजे। बाद में उसने मुंबई में मोबाइल तोड़कर फेंक दिया। अब पुलिस मोबाइल की बरामदगी के लिए उसे दोबारा मुंबई ले जाएगी। आरोपी ने यह भी बताया कि कमरे की चाबी इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर फेंक दी थी।

नशे का आदी, शादी को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है। घटना वाले दिन दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी को छात्रा के मोबाइल में एक ऐप देखकर शक हुआ कि वह किसी अन्य से बात कर रही है। छात्रा उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन वह तैयार नहीं था। विवाद बढ़ने पर उसने हत्या कर दी, शव को कंबल से ढक दिया और फरार हो गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी है।