NEWS:रतलाम की बेटी प्रियांशी पाटीदार बनी राष्ट्रीय चैंपियन, गोल्ड जीत नेपाल में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व,पढ़े खबर
रतलाम। भारत की पहली राष्ट्रीय नृत्य खेल चैम्पियनशिप 2025-26 में रतलाम की प्रतिभाशाली बेटी प्रियांशी पाटीदार ने इतिहास रच दिया। महाराष्ट्र के रत्नागिरी (चिपलूण) में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच प्रियांशी ने क्लासिकल डांस श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

प्रियांशी की मनमोहक भाव-भंगिमा, लय-ताल की सटीक पकड़ और मंच पर आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुति ने निर्णायकों को प्रभावित कर दिया। उनकी यह जीत सिर्फ एक पदक नहीं, बल्कि रतलाम और मध्यप्रदेश के लिए गौरव का क्षण है।

इस उपलब्धि के साथ ही प्रियांशी का चयन आगामी अंतरराष्ट्रीय डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जो नेपाल में आयोजित होगी। वहां वह भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश का परचम लहराएंगी। शहर की बेटी का अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।

प्रियांशी की सफलता के पीछे उनके कोरियोग्राफर विशाल स्वामी का विशेष मार्गदर्शन और कठोर मेहनत रही। साथ ही माता-पिता का निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास भी उनकी उपलब्धि की मजबूत नींव साबित हुआ।
शहरवासियों, खेल एवं सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों ने प्रियांशी को शुभकामनाएं देते हुए इसे रतलाम के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। अब सभी की निगाहें नेपाल में होने वाली प्रतियोगिता पर हैं, जहां रतलाम की यह होनहार बेटी भारत का नाम रोशन करने के लिए तैयार है।
