BIG NEWS : न्याय नहीं मिला तो मौत का रास्ता! दलित परिवार ने CM से मांगी सामूहिक आत्महत्या की अनुमति,नीमच के दासिया गांव में दबंगों का हमला, पुलिस ने दर्ज किया मामला,लेकिन सामान्य धाराओं में कार्रवाई से परिवार नाराज,पढ़े ये खबर
न्याय नहीं मिला तो मौत का रास्ता! दलित परिवार ने CM से मांगी सामूहिक आत्महत्या की अनुमति,नीमच के दासिया गांव में दबंगों का हमला,
नीमच जिले के ग्राम दासिया से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक अनुसूचित जाति परिवार ने न्याय नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है।
भेरूलाल पिता प्रेमचंद ने आरोप लगाया है कि 26 फरवरी 2026 को उनकी बहन के साथ खेत पर चने की फसल को लेकर गांव के ही मोहनसिंह और बाबूसिंह द्वारा विवाद किया गया। इस दौरान उनकी बहन के साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया। पीड़िता ने इसकी शिकायत थाना अजाक नीमच में दर्ज कराई, लेकिन परिजनों का कहना है कि समय पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

इसके बाद आरोपियों द्वारा लगातार दबाव और धमकियां दी जाती रहीं। मामला और गंभीर तब हो गया जब 15 मार्च 2026 को आरोपियों ने कथित रूप से एकजुट होकर परिवार पर दोबारा हमला कर दिया। इस हमले में भेरूलाल की बहन, माता और पिता घायल हो गए, जिनका उपचार सिविल अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज तो किया, लेकिन परिवार का आरोप है कि इसे सामान्य धाराओं में दर्ज किया गया है, जबकि यह मामला अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज होना चाहिए था।

गांव में जातिगत तनाव और लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत परिवार ने अब मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए सुरक्षा की मांग की है। परिवार का कहना है कि यदि उन्हें जल्द न्याय और सुरक्षा नहीं मिली, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
“पीड़ित परिवार ने भावुक अपील करते हुए कहा कि ‘मुख्यमंत्री साहब, हमें न्याय दिलाया जाए और हमारे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। यदि हमें न्याय नहीं मिलता, तो हम इतने भय और दबाव में जीने को मजबूर हैं कि हमें सामूहिक आत्महत्या की अनुमति दी जाए।’”

यह मामला प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और राज्य सरकार पर टिकी हैं कि वे इस मामले में निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा प्रदान करें।