BREAKING NEWS: मध्यप्रदेश में PM ई-बस का कहर! बेकाबू होकर ऑटो समेत राहगीरों को दिया कुचला, 1 की हुई मौत 3 गंभीर घायल, हादसे के बाद भड़का आक्रोश,तो गुस्साई भीड़ ने तोड़े कांच,पढ़े खबर

BREAKING NEWS: मध्यप्रदेश में PM ई-बस का कहर! बेकाबू होकर ऑटो समेत राहगीरों को दिया कुचला, 1 की हुई मौत 3 गंभीर घायल, हादसे के बाद भड़का आक्रोश,तो गुस्साई भीड़ ने तोड़े कांच,पढ़े खबर

इंदौर। शहर के ऐतिहासिक राजबाड़ा क्षेत्र में रविवार को अचानक मची भगदड़ ने हर किसी को दहला दिया। यहां बस स्टैंड पर खड़ी PM सिटी बस अचानक बेकाबू होकर आगे बढ़ गई। देखते ही देखते बस ने सामने मौजूद ऑटो और राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित भीड़ ने बस के कांच तोड़ दिए।

खड़ी बस अचानक बढ़ी आगे, संभलने का मौका तक नहीं मिला

जानकारी के अनुसार राजबाड़ा स्थित बस स्टैंड पर PM सिटी बस खड़ी थी। इसी दौरान अचानक बस आगे चल पड़ी और रफ्तार पकड़ते हुए पूजा सामग्री की दुकानों की तरफ जा पहुंची। रास्ते में जो भी वाहन और लोग आए, बस उन्हें टक्कर मारती चली गई। अचानक हुए घटनाक्रम से मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

ऑटो को टक्कर के बाद चालक पहियों के नीचे आया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की चपेट में सबसे पहले सड़क किनारे खड़ा ऑटो आया। टक्कर लगते ही ऑटो चालक सड़क पर जा गिरा और बस के पहियों की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ऑटो के समीप मौजूद थैली बेचने वाला युवक समेत तीन अन्य लोग भी बस की चपेट में आने से घायल हुए हैं।

CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

हादसे की तस्वीरें CCTV कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज में बस अचानक आगे बढ़ती दिखाई देती है और कुछ ही सेकंड में सामने खड़े लोगों तथा ऑटो को टक्कर मार देती है। बस की चपेट में आए लोग सड़क पर गिरते नजर आते हैं। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सब कुछ कुछ ही पलों में हो गया।

हादसे के बाद भड़का आक्रोश, बस पर पथराव

हादसे की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने बस पर पथराव कर दिया और उसके कांच फोड़ दिए। हालांकि बस में मौजूद सवारियों को लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी पहुंच गया।

ड्राइवर हिरासत में, पुलिस खंगाल रही हादसे की वजह

पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को संभाला गया। एडिशनल एसपी दिशेष अग्रवाल के अनुसार हादसे के बाद मौके से निकलने की कोशिश कर रहे बस चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बस अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुई और हादसे के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा।