BIG NEWS: एक टक्कर… एक मौत और फिर सड़क पर उतर आया गुस्सा! युवक की मौत के बाद शव लेकर हाईवे पर पहुंचे परिजन, 25 लाख और नौकरी की मांग से गरमाया रामपुरा, पढ़े खबर

BIG NEWS: एक टक्कर… एक मौत और फिर सड़क पर उतर आया गुस्सा! युवक की मौत के बाद शव लेकर हाईवे पर पहुंचे परिजन, 25 लाख और नौकरी की मांग से गरमाया रामपुरा, पढ़े खबर

रिपोर्ट :- रुपेश सारु 

रामपुरा। कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के हनुमंतिया रोड पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। रेत से भरे डंपर की टक्कर में बाइक सवार कैलाश पिता केशुराम रावत, निवासी मगरदा थाना रामपुरा की मौत हो गई, जबकि हादसे में दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों घायल रामपुरा के भाजीपुरा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद सड़क पर उतरे परिजन, शव रखकर किया प्रदर्शन

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद मृतक का शव लेकर परिजन एवं ग्रामीण ग्राम मजीरिया के पास नीमच-झालावाड़ स्टेट हाईवे पर पहुंच गए। यहां सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया गया।

प्रदर्शन के चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

25 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी की मांग

प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने 25 लाख रुपये मुआवजा देने तथा मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी है। परिजनों का कहना है कि परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, ऐसे में शासन-प्रशासन को परिवार की स्थिति को देखते हुए उचित सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।

डंपर दिलीप बिल्डकॉन कंपनी से जुड़ा होने की चर्चा, जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटना में शामिल रेत से भरा डंपर दिलीप बिल्डकॉन कंपनी से संबंधित बताया जा रहा है। हालांकि डंपर के कंपनी से वास्तविक संबंध, चालक की भूमिका और हादसे के अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

मौके पर पहुंचा पुलिस बल, समझाइश का दौर जारी

हाईवे जाम किए जाने की सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस का बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना। अधिकारियों की ओर से प्रदर्शनकारियों को समझाने तथा यातायात व्यवस्था सामान्य कराने के प्रयास किए गए 

अब प्रशासन के आश्वासन पर टिकी नजर

फिलहाल परिजन और ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे। वही पुलिस एवं प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही थी । बाद प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को समझाइश पर शाम को प्रदर्शन समाप्त हुआ,

पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों, डंपर चालक तथा हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।