BIG NEWS: किसानों के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान, खेती बनेगी रोजगार का सबसे बड़ा आधार, केले की फसल का मुआवजा एक क्लिक में खातों में भेजा, पढ़े खबर
बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअल संबोधन, प्राकृतिक खेती और नई तकनीक अपनाने का आह्वान; कांवड़ यात्राओं के लिए सभी जिलों को विशेष इंतजाम के निर्देश
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को बुरहानपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि खेती केवल किसान के परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार 'कृषक कल्याण वर्ष-2026' के तहत किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, उद्यानिकी फसलों और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित किए जा रहे बलराम कृषि महोत्सव किसानों को नई तकनीक, योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने का माध्यम बन रहे हैं। सरकार ने 16 विभागों के समन्वय से किसानों की समृद्धि और आय बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केले की फसल को हुए नुकसान का मुआवजा किसानों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर किया। उन्होंने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समय पर राहत उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।श्रावण मास के शुभारंभ पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए कि जहां-जहां कांवड़ यात्राएं निकलेंगी, वहां श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने बुरहानपुर की कृषि उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां का केला, हल्दी और कपास पूरे देश में अपनी अलग पहचान रखते हैं। उन्होंने बताया कि केले से कपड़ा, सजावटी वस्तुएं और अन्य उत्पाद तैयार कर ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-विदेश में बेचे जा रहे हैं, जिससे बुरहानपुर को नई पहचान मिली है उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कपास उत्पादकों को राहत देने के लिए मंडी टैक्स आधा कर दिया है, जिससे हजारों किसानों को लाभ मिला है। साथ ही धार में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क का लाभ बुरहानपुर के किसानों को भी मिलेगा। इससे कपास उत्पादन, प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन और निर्यात को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरहानपुर में सिंचाई परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है और सरकार का लक्ष्य हर खेत तक पानी पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र मिलकर ताप्ती मेगा रिचार्ज परियोजना पर कार्य कर रहे हैं, जिससे भविष्य में किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।उन्होंने यह भी बताया कि ग्वालियर को टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग हब बनाने के लिए नई दिल्ली में भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इससे प्रदेश में निवेश बढ़ेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में नई संभावनाएं खुलेंगी।
