BIG NEWS: छोटीसादड़ी थाना क्वार्टर बना मौत का रहस्य, महिला कॉन्स्टेबल का शव मिलने से सनसनी, टूटा दरवाजा और गायब स्कूटी ने बढ़ाया सस्पेंस, परिवार ने हत्या की आशंका जताकर निष्पक्ष जांच की करी मांग, पढ़े खबर
प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी थाना परिसर स्थित पुलिस क्वार्टर में महिला कॉन्स्टेबल सोम कुंवर का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से पूरे पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई। मृतका प्रतापगढ़ जिले के वरमंडल क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, ईद पर्व के मद्देनजर महिला कॉन्स्टेबल सोम कुंवर की ड्यूटी सुबह पहरे पर लगाई गई थी, लेकिन जब वह तय समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचीं तो साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें कई बार फोन किया। लगातार कॉल के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पुलिसकर्मी थाना परिसर स्थित उनके क्वार्टर पहुंचे। वहां अंदर उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, उपखंड अधिकारी, छोटीसादड़ी सीओ सहित भारी पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और एमओबी टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

एसपी बी. आदित्य ने बताया कि जिस क्वार्टर में शव मिला, उसका दरवाजा बाहर से नहीं बल्कि अंदर की ओर टूटा हुआ प्रतीत हो रहा है। वहीं मृतका की स्कूटी भी क्वार्टर के बाहर नहीं मिली, जिससे मामला और अधिक रहस्यमयी बन गया है। मौके से अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, हालांकि परिजनों द्वारा किसी कागज का जिक्र किया गया है जिसकी जांच की जा रही है।

मृतका के परिजनों ने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए कहा कि सोम कुंवर एक दिन पहले ही छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटी थीं। बीती रात करीब 9 बजे परिवार से उनकी फोन पर बातचीत हुई थी और वह पूरी तरह सामान्य व खुश थीं। ऐसे में अचानक कुछ घंटों बाद उनकी मौत कैसे हो गई, यह समझ से परे है। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

बढ़ते आक्रोश को देखते हुए एसपी बी. आदित्य ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और परिवार जिस अधिकारी से जांच करवाना चाहेगा, जांच उसी अधिकारी को सौंपी जाएगी। फिलहाल धोलापानी, जलोदा जागीर सहित आसपास के कई थानों की पुलिस टीमें मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई हैं।