BIG NEWS : “चार्जिंग बनी चिता! इंदौर में इलेक्ट्रिक कार से उठी आग ने उजाड़ा पूरा परिवार, सिलेंडर धमाकों से दहला शहर,6 जिंदा जले, 3 लड़ रहे जिंदगी की जंग,पढ़े खबर
इंदौर, 18 मार्च। मध्य प्रदेश के इंदौर में बंगाली चौराहा क्षेत्र की एक कॉलोनी आज तड़के उस वक्त दहशत में बदल गई, जब इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट ने भीषण अग्निकांड का रूप ले लिया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

चार्जिंग पॉइंट बना मौत का कारण
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, पुगलिया परिवार के घर के बाहर इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी। सुबह करीब 4 बजे चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार में आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर को अपनी चपेट में ले लिया।

सिलेंडर ब्लास्ट से मचा कोहराम
घर के अंदर 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर और ज्वलनशील सामग्री रखी थी। आग लगते ही लगातार 4 सिलेंडर फट गए, जिससे जोरदार धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा और मकान का एक हिस्सा ढह गया।

सोते रह गए लोग, लॉक ने छीन ली जान
हादसे के वक्त घर में पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था और कई सदस्य मौजूद थे। अधिकतर लोग सो रहे थे, इसी दौरान आग फैल गई। बिजली गुल होने से इलेक्ट्रॉनिक लॉक काम नहीं कर पाए, जिससे कई लोग अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

घंटों बाद काबू, राहत-बचाव जारी
सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग पूरे मकान को निगल चुकी थी। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।मौके पर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर शिवम वर्मा ने पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
इस भयावह हादसे में मृतकों में शामिल हैं:
मनोज जैन पुगलिया (65)
सिमरन (30)
विजय सेठिया (65)
सुमन सेठिया (60)
राशि (12)
छोटू सेठिया (22)
वहीं, सौरभ (32), सुनीता (58) और सोमिल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती तौर पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग, ज्वलनशील सामग्री और सिलेंडर स्टोरेज को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है—क्या हम नई तकनीक के साथ सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं?