BIG NEWS: पिपलिया स्टेशन पर रेल सुविधाओं को लेकर फूटा आक्रोश, हनुमान चालीसा पाठ के बाद रेलवे को चेतावनी—‘मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन होगा और बड़ा’, पढ़े खबर

BIG NEWS: पिपलिया स्टेशन पर रेल सुविधाओं को लेकर फूटा आक्रोश, हनुमान चालीसा पाठ के बाद रेलवे को चेतावनी—‘मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन होगा और बड़ा’, पढ़े खबर

रिपोर्ट :- नरेंद्र राठौर

पिपलिया स्टेशन, मल्हारगढ़ (मंदसौर)। पिपलिया रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के ठहराव सहित विभिन्न रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर मंगलवार को रेल सुविधा विस्तार समिति के बैनर तले नगर एवं क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन किया। सुबह करीब 10 बजे स्टेशन परिसर स्थित बालाजी मंदिर पर समिति सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हुए क्षेत्र की रेल समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई।

हनुमान चालीसा पाठ के बाद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए स्टेशन कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक के नाम स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पिपलिया स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं ट्रेनों के ठहराव से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग की।

दर्जनों गांवों के लिए प्रमुख रेल संपर्क केंद्र

समिति ने ज्ञापन में बताया कि पिपलिया स्टेशन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कृषि, व्यापारिक एवं आवागमन केंद्र है। आसपास के दर्जनों गांवों और कस्बों के लोग रेल यात्रा के लिए इसी स्टेशन पर निर्भर हैं। किसान अपनी कृषि उपज के परिवहन, व्यापारी व्यापारिक गतिविधियों, विद्यार्थी शिक्षा तथा श्रमिक एवं कर्मचारी रोजगार एवं दैनिक आवागमन के लिए इस स्टेशन का उपयोग करते हैं। धार्मिक, सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यों के लिए भी बड़ी संख्या में लोग यहां से रेल यात्रा करते हैं।

कम ठहराव से यात्रियों को परेशानी

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इसके बावजूद पिपलिया स्टेशन पर आवश्यक रेल सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। यात्री ट्रेनों के पर्याप्त ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को कई बार दूसरे स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। इससे उन्हें अतिरिक्त समय और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

प्रमुख मांगें रखीं

रेल सुविधा विस्तार समिति ने पिपलिया स्टेशन पर प्रमुख यात्री ट्रेनों के ठहराव शुरू करने, पूर्व में बंद किए गए ट्रेन ठहरावों को पुनः बहाल करने तथा स्टेशन पर आवश्यक यात्री सुविधाओं का विस्तार करने की मांग की। समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।