BIG NEWS: खड़गे के बयान पर भड़का गुस्सा, नीमच में हिंदू संगठनों का थाना घेराव, गिरफ्तारी की मांग से गरमाई सियासत,पढ़े पवन राव शिंदे की ये खबर
नीमच। देश में चुनावी सरगर्मी के बीच सियासी बयानबाज़ी अब विवाद का रूप लेने लगी है। इसी क्रम में मल्लिकार्जुन खड़गे के एक कथित बयान को लेकर नीमच में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।

गुरुवार को थाना नीमच में हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा एक विस्तृत लिखित आवेदन प्रस्तुत कर खड़गे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि एक चुनावी सभा के दौरान उन्होंने कथित रूप से देश में निवासरत मुस्लिम समाज के लोगों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), उसके अनुषांगिक संगठनों तथा भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ भड़काऊ और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया।

आवेदन में कहा गया है कि इस प्रकार का बयान न केवल सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करता है, बल्कि इससे देश में शांति व्यवस्था बिगड़ने और सांप्रदायिक तनाव फैलने की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाज़ी देश को अराजकता की ओर धकेल सकती है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं उससे जुड़े संगठन वर्षों से प्राकृतिक आपदाओं, दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में बिना किसी भेदभाव के सेवा कार्य करते आ रहे हैं। इसके साथ ही आवेदन में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा गया कि वर्तमान समय में भारत वैश्विक स्तर पर मजबूती से खड़ा है और संकट के समय देश-विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

इनके द्वारा मांग की है कि मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। फिलहाल थाना नीमच पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर लिया है और मामले की जांच की बात कही जा रही है।
आवेदन दौरान निर्मलदेव नरेला, बाबूलाल नागदा, दिलीप छाजेड आदि मौजूद रहे