BIG NEWS: “अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस… महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता” नवागत एसपी राजेश व्यास ने संभाली कमान, नीमच पुलिस अफसरों की पहली बड़ी बैठक में दिए सख्त निर्देश, पढ़े खबर

BIG NEWS: “अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस… महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता” नवागत एसपी राजेश व्यास ने संभाली कमान, नीमच पुलिस अफसरों की पहली बड़ी बैठक में दिए सख्त निर्देश, पढ़े खबर

नीमच, राजेश व्यास के पुलिस अधीक्षक नीमच का पदभार संभालते ही जिले की पुलिसिंग को लेकर सख्त और स्पष्ट संदेश सामने आया है। शुक्रवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें नवागत एसपी ने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और आमजन से बेहतर व्यवहार को लेकर कड़े निर्देश दिए।

बैठक में एसपी राजेश व्यास ने जिले की भौगोलिक स्थिति, थाना क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों की जानकारी लेते हुए साफ कहा कि जिले में किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि अपराध रोकना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

महिलाओं, बच्चियों और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता बरतने पर विशेष जोर देते हुए एसपी ने कहा कि आमजन को पुलिस पर भरोसा महसूस होना चाहिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि लोगों से सद्व्यवहार करें और लगातार संवाद बनाए रखें।

बैठक में मुख्य मार्गों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, नियमित एवं प्रभावी रात्रि गश्त करने तथा कानून व्यवस्था पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित अपराधों और माल के समय पर निराकरण, थानों के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने और एनडीपीएस मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

एसपी व्यास ने साम्प्रदायिक घटनाओं की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने, मेडलेपोर पोर्टल के माध्यम से एमएलसी और पीएम रिपोर्ट की प्रक्रिया सुनिश्चित करने, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग मजबूत करने और ई-साक्ष्य आधारित विवेचना को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए।

साइबर अपराध और महिला अपराधों को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाने की बात भी बैठक में कही गई, ताकि लोग ऑनलाइन ठगी और अन्य अपराधों से बचाव के तरीकों को समझ सकें।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया , एसडीओपी जावद रोहित राठौर , एसडीओपी मनासा निकिता सिंह , रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया , निरीक्षक शिव रघुवंशी सहित जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी मौजूद