NEWS: रंगों से निखरा जीरन का शिव घाट, जल गंगा अभियान ने बदली तस्वीर, अब बना नगर का सबसे खूबसूरत आकर्षण,पढ़े खबर

NEWS: रंगों से निखरा जीरन का शिव घाट, जल गंगा अभियान ने बदली तस्वीर, अब बना नगर का सबसे खूबसूरत आकर्षण,पढ़े खबर

जीरन | “जल ही जीवन है” इस संदेश को साकार करते हुए ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत जीरन के वार्ड क्रमांक 13 स्थित प्रतापगढ़ दरवाजा शिव घाट का ऐसा कायाकल्प किया गया है कि अब यह स्थल नगर की पहचान बनता जा रहा है।

तालाब सौंदर्यीकरण योजना के अंतर्गत विकसित इस घाट को एक नई और आकर्षक पहचान मिली है। घाट की सीढ़ियों को लाल, पीले, नीले और हरे जैसे चटख इंद्रधनुषी रंगों से सजाया गया है, जो दूर से ही लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। वहीं घाट के किनारे बनी लाल ईंटों की दीवारें और सफेद रंग में सजा छोटा शिव मंदिर इस पूरे दृश्य को और भी दिव्य और मनमोहक बना रहे हैं।

इस सुंदर पहल के पीछे वार्ड पार्षद श्रीमती प्रभा राजेश लक्षकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने घाट को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए रंगरोगन का सुझाव दिया था। उनके इस सुझाव पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी विकास डावर और नपा अध्यक्ष रामकरण सगवारिया ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्य को अमलीजामा पहनाया। उनके मार्गदर्शन में हुए इस आकर्षक रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण ने शिव घाट को जीरन के सबसे सुंदर और आकर्षण केंद्रों में शामिल कर दिया है।

 नगर परिषद ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि—घाट परिसर में गंदगी या कचरा न फैलाएं, प्लास्टिक का उपयोग न करें,घाट पर कपड़े धोने से बचें,जल की स्वच्छता बनाए रखें ताकि इस खूबसूरत धरोहर की सुंदरता लंबे समय तक बरकरार रह सके।

नगर परिषद ने जानकारी दी है कि शिव घाट की तरह ही जीरन तालाब के अन्य घाटों का सौंदर्यीकरण भी प्रस्तावित है, जिससे पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने की दिशा में काम जारी रहेगा।