NEWS: जीरन का गौरव बढ़ाया, NSS राज्य स्तरीय शिविर में वैभव साहू का दमदार प्रदर्शन, चित्रकूट में लिया नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का विशेष प्रशिक्षण, पढ़े खबर

NEWS: जीरन का गौरव बढ़ाया, NSS राज्य स्तरीय शिविर में वैभव साहू का दमदार प्रदर्शन, चित्रकूट में लिया नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का विशेष प्रशिक्षण, पढ़े खबर

जीरन। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तहत आयोजित मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर में जीरन के छात्र वैभव साहू ने सहभागिता कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। यह सात दिवसीय शिविर चित्रकूट स्थित दीनदयाल शोध संस्थान उद्यमिता परिसर (तहसील मझगंवा) में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से चयनित स्वयंसेवकों ने भाग लिया। शिविर का संचालन सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना था। प्रतिभागियों को प्रतिदिन रॉल कॉल, योग-ध्यान, श्रमदान, परियोजना कार्य, बौद्धिक सत्र, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कराई गई। विभिन्न प्रख्यात वक्ताओं और समाजसेवियों ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक नेतृत्व पर प्रेरित किया। इन सत्रों ने स्वयंसेवकों को समाज के प्रति अपने दायित्व समझने की नई दिशा दी।

शिविर के अंतिम दिन प्रतिभागियों को चित्रकूट धाम के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया गया, जिसमें कामदगिरि पर्वत परिक्रमा, भगवान कामतानाथ मंदिर, सती अनुसुइया आश्रम और गुप्त गोदावरी के दर्शन शामिल रहे। शिविर से लौटने पर शासकीय महाविद्यालय जीरन के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रीतेश चौहान सहित समस्त स्टाफ ने वैभव साहू का स्वागत कर उन्हें बधाई दी। यह उपलब्धि न सिर्फ वैभव साहू, बल्कि पूरे जीरन नगर और महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण बन गई।