NEWS: त्याग, प्रेम और क्षमा का संदेश, नीमच के आशीष भवन चर्च में गुड फ्राइडे पर उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रभु यीशु के सात वचनों ने भाव-विभोर किया माहौल, पढ़े खबर
नीमच। आज देशभर के साथ-साथ नीमच शहर के आशीष भवन चर्च में गुड फ्राइडे का पावन पर्व पूरी श्रद्धा, गरिमा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। प्रभु यीशु मसीह के बलिदान को स्मरण करते हुए ईसाई समुदाय के सैकड़ों श्रद्धालु चर्च में एकत्रित हुए और प्रार्थना में लीन नजर आए।

दोपहर से शाम तक चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें प्रभु यीशु द्वारा क्रूस पर कहे गए सात अंतिम वचनों का भावपूर्ण पाठ किया गया। इन वचनों में मानवता, क्षमा, प्रेम और करुणा का गहरा संदेश समाहित है, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

कार्यक्रम के दौरान चर्च के पादरी एवं वक्ताओं ने इन सात वचनों के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि आज के बदलते समय में भी ये वचन हमारे जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं को यीशु के त्याग, प्रेम और क्षमा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

वचनों के पाठ के पश्चात विशेष सामूहिक प्रार्थना की गई और प्रभु की महिमा में भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने मौन रखकर और प्रार्थना के माध्यम से प्रभु यीशु के महान बलिदान को नमन किया।

गौरतलब है कि गुड फ्राइडे का दिन इसलिए विशेष माना जाता है क्योंकि इसी दिन प्रभु यीशु मसीह ने मानवता के पापों के उद्धार के लिए स्वयं का बलिदान दिया था और प्रेम, त्याग तथा मुक्ति का मार्ग मानव जाति के लिए प्रशस्त किया था।