BIG NEWS : बेटियों की तलाश में नागदा पुलिस ने पार की 2000 KM की दूरी, तमिलनाडु और खरगोन से दोनों नाबालिगों को सकुशल लाई टीम, पढ़े खबर

तकनीकी साक्ष्यों ने खोली तलाश की राह; दो अलग-अलग टीमें बनाकर पुलिस ने चलाया अभियान, आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजे

BIG NEWS : बेटियों की तलाश में नागदा पुलिस ने पार की 2000 KM की दूरी, तमिलनाडु और खरगोन से दोनों नाबालिगों को सकुशल लाई टीम, पढ़े खबर

नागदा। नाबालिग बालिकाओं की तलाश में नागदा पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस की दो विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार प्रयासों के आधार पर एक नाबालिग बालिका को करीब 2000 किलोमीटर दूर कोयंबटूर (तमिलनाडु) और दूसरी को करीब 300 किलोमीटर दूर खरगोन से सकुशल दस्तयाब किया। दोनों बालिकाओं को सुरक्षित नागदा लाने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

तकनीकी साक्ष्यों से मिली अहम कड़ी, अलग-अलग राज्यों तक पहुंचीं टीमें

पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में नाबालिग बालिकाओं की तलाश के लिए अलग-अलग विशेष टीमें गठित की गई थीं। एक टीम कोयंबटूर रवाना की गई, जबकि दूसरी टीम ने खरगोन में तलाश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संभावित स्थानों की जानकारी जुटाई और लगातार निगरानी करते हुए बालिकाओं तक पहुंच बनाई।

तमिलनाडु भेजी गई टीम में सउनि. प्रभुलाल मुनिया, प्रधान आरक्षक चिरंजीवल डामरे और आरक्षक ज्योति वर्मा शामिल रहे। वहीं खरगोन भेजी गई टीम में सउनि. दिनेश निनामा, आरक्षक कृष्ण बैरागी और आरक्षक शबनम उस्मानी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

नागदा लाकर दर्ज किए कथन, कराया चिकित्सकीय परीक्षण

दोनों बालिकाओं को नागदा थाना लाने के बाद नियमानुसार उनके कथन दर्ज किए गए और चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

बेटियों के घर लौटते ही परिवारों की चिंता हुई खत्म

कई दिनों से बेटियों की तलाश में परेशान परिजनों को जब उनके सकुशल मिलने की सूचना मिली तो परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई। बेटियों को सुरक्षित घर लौटता देख परिजनों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई।

एसपी के निर्देशन में टीम ने दिखाया बेहतर तालमेल

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उज्जैन प्रदीप शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण उज्जैन विक्रम अहिरवार के निर्देशन तथा थाना प्रभारी नागदा अमृतलाल गवरी के नेतृत्व में की गई।

नागदा पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता और टीमवर्क के चलते दो अलग-अलग मामलों में दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचकर दोनों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब किया गया और उन्हें उनके परिवारों तक सुरक्षित पहुंचाया गया।