विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर छात्रावास में विशेष कार्यक्रम, किशोरियों को माहवारी प्रबंधन, गुड टच-बैड टच और स्वास्थ्य सुरक्षा की दी गई विस्तृत जानकारी, पढ़े खबर
नीमच। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर आसरा सामाजिक लोक कल्याण समिति, देवास द्वारा जिला चिकित्सालय नीमच के सहयोग से महाविद्यालय बालिका छात्रावास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता नेहा शर्मा द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के महत्व, सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी प्रबंधन तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के उपायों पर चर्चा करते हुए सैनिटरी पैड एवं साफ कपड़े के सही उपयोग की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर प्रतिभागियों के साथ "रेड डॉट चैलेंज" गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसके माध्यम से माहवारी को लेकर समाज में फैली झिझक और गलत धारणाओं को दूर करने का प्रयास किया गया। साथ ही किशोरियों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी जागरूक किया गया तथा उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, माहवारी से जुड़ी गलत धारणाओं को समाप्त करना तथा सुरक्षित और स्वच्छ माहवारी प्रबंधन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा। इस दौरान माहवारी के समय आने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपस्थित किशोरियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विषय से संबंधित अनेक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए इसकी सराहना की।

परामर्शदाता नेहा शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम किशोरियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।