BIG NEWS: ईंधन की मार या मिलावट का खेल? नीमच के पेट्रोल पंप पर हंगामा, खराब पेट्रोल से गाड़ियां हुई पस्त,पढ़े खबर

ईंधन की मार या मिलावट का खेल? नीमच के पेट्रोल पंप पर हंगामा, खराब पेट्रोल से गाड़ियां हुई पस्त

BIG NEWS: ईंधन की मार या मिलावट का खेल? नीमच के पेट्रोल पंप पर हंगामा, खराब पेट्रोल से गाड़ियां हुई पस्त,पढ़े खबर

नीमच,(राजू नागदा "दास्सा)। एक ओर जहां वैश्विक स्तर पर रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान-इजरायल के बीच जारी तनाव ने अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में उथल-पुथल मचा रखी है, वहीं स्थानीय स्तर पर उपभोक्ताओं को ईंधन की गुणवत्ता को लेकर दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। ताजा मामला नीमच के दशहरा मैदान स्थित फिरोजशाह पेट्रोल पंप (भारत पेट्रोलियम) से सामने आया है, जहां पेट्रोल भरवाने के बाद वाहन के इंजन बीच रास्ते में ही जवाब दे गए।

​क्या है पूरा मामला-

​शहर के निवासी कमल सिंह ने बताया कि उन्होंने हाल ही में उक्त पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाया था। पेट्रोल पंप से निकलते ही कुछ दूरी पर उनकी बाइक अचानक झटके लेकर बंद हो गई। बार-बार कोशिश करने के बाद भी जब गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई, तो वे उसे धक्का लगाकर मैकेनिक के पास ले गए।

​जांच के बाद मिस्त्री ने स्पष्ट किया कि ईंधन में खराबी या मिलावट के कारण इंजन में समस्या आई है। जब पीड़ित उपभोक्ता अपनी शिकायत लेकर पंप पर पहुंचा, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने जिम्मेदारी लेने के बजाय बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर तीखी नोकझोंक की स्थिति बन गई।

​वैश्विक संकट और पीएम की अपील-

​गौरतलब है कि वर्तमान में खाड़ी देशों और यूरोप में चल रहे युद्ध के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। देश की आर्थिक व्यवस्था पर बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से तेल की 
खपत में किफायत बरतने और फिजूलखर्ची रोकने की अपील की है। ऐसे समय में जब जनता ऊंचे दामों पर पेट्रोल खरीद रही है, घटिया ईंधन की आपूर्ति लोगों की जेब और वाहन दोनों पर भारी पड़ रही है।

​जांच की उठ रही मांग-

आये दिन हो रही इस प्रकार की घटनाओं के बाद शहर के वाहन चालकों में रोष व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि​विभागीय अधिकारियों को समय-समय पर पंपों से नमूने (सैंपल) लेकर जांच करनी चाहिए। ​सिर्फ फिरोजशाह पंप ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य पंपों की भी शुद्धता और माप की सघन जांच हो। ​दोषी पाए जाने वाले संचालकों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

​उपभोक्ता की गुहार-

​"हम भारी कीमत चुकाकर तेल खरीद रहे हैं, लेकिन बदले में हमें खराब ईंधन मिल रहा है जिससे हमारी गाड़ियां खराब हो रही हैं। प्रशासन को तुरंत इस ओर ध्यान देना चाहिए।"
-कमल सिंह, पीड़ित उपभोक्ता

इनका कहना-

पेट्रोल में 24 प्रतिशत इथेनॉल मिलाने की मंजूरी सरकार द्वारा दी गई है। जिसकी वजह से कुछ पुराने वाहनों में इस प्रकार की समस्याएं आती हैं। नए वाहनों में ऐसी किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आ रही। बाकी सम्बंधित कम्पनी को इस बारे में बता दिया जाएगा।

-आर.एन. दिवाकर
जिला आपूर्ति अधिकारी,नीमच

नोट-इस पूरे मामले को लेकर जब हमारे द्वारा फिरोजशाह पेट्रोल पम्प संचालकों से चर्चा करनी चाही।लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।