NEWS: रामपुरा में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस, प्रभात फेरी से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक दिखा उत्साह, पढ़े खबर

NEWS: रामपुरा में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस, प्रभात फेरी से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक दिखा उत्साह, पढ़े खबर

रामपुरा। नगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही शासकीय संस्थानों, विद्यालयों और नगर परिषद कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। तिरंगे को सलामी देने के साथ राष्ट्रगान हुआ और वीर शहीदों को नमन किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य आयोजन के तहत बाल उद्यान परिसर से विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। बैंड की धुनों के बीच हाथों में तिरंगा थामे बच्चे देशभक्ति के नारे लगाते और देशभक्ति गीत गाते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। प्रभात फेरी बस स्टैंड स्थित दशहरा मैदान पहुंचकर मुख्य समारोह में परिवर्तित हुई।

दशहरा मैदान में नगर की प्रथम नागरिक सीमा जितेंद्र जागीरदार ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। पुलिस विभाग की ओर से तिरंगे को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अनुशासन और जोश के साथ आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।

शहीद की धर्मपत्नी का किया सम्मान

समारोह में रामपुरा के गौरव एवं शहीद बद्री प्रसाद की धर्मपत्नी कारीबाई राय का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद के बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। जवाहर नवोदय विद्यालय की स्वच्छता अभियान पर आधारित प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

समारोह के समापन पर नगर परिषद की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। वहीं सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए नगर परिषद की ओर से मिठाई की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम का संचालन अजय विश्वास जोशी एवं अमिताभ बच्चन ने किया। आभार प्रदर्शन मुख्य नगर पालिका अधिकारी नंदलाल प्रजापत ने किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, थाना प्रभारी, तहसीलदार, नगर के गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान रामपुरा नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।