BREAKING NEWS: एमपी के डिजिटल क्रिएटर्स के लिए बड़ी सौगात, CM डॉ. मोहन यादव का ऐलान,अब मिलेगा 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड',पढ़े खबर
इंदौर के युवा कॉन्क्लेव-2026 में मुख्यमंत्री ने की घोषणा, बोले—सकारात्मक कंटेंट बनाने वाले युवाओं को मिलेगा सम्मान, डिजिटल इनोवेशन को बढ़ावा देगी सरकार
भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश के हजारों डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर्स के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी घोषणा की है। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 'मध्यप्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026' में मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि प्रदेश सरकार जल्द ही 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' शुरू करेगी। इस सम्मान के माध्यम से सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक, रचनात्मक और समाजहित से जुड़े कंटेंट तैयार करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के साथ सीधा संवाद करते हुए कहा कि आज का युवा केवल वीडियो या पोस्ट नहीं बना रहा, बल्कि समाज की सोच को नई दिशा देने का काम भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म जनजागरूकता, नवाचार और सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं और जिम्मेदारी के साथ काम करने वाले युवाओं का सम्मान होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार डिजिटल क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों को लगातार प्रोत्साहित करेगी। इसी उद्देश्य से 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' की शुरुआत की जा रही है, ताकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को पहचान मिले और अन्य युवा भी सकारात्मक कंटेंट निर्माण के लिए प्रेरित हों।

युवा कॉन्क्लेव में इंदौर, उज्जैन, धार सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के अनेक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर्स ने भाग लिया। संवाद के दौरान युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े विभिन्न सुझाव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का डिजिटल युग युवाओं के लिए असीम संभावनाओं का दौर है। यदि सोशल मीडिया का उपयोग समाज निर्माण, जागरूकता और सकारात्मक बदलाव के लिए किया जाए तो यह प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सरकार ऐसे सभी युवाओं के साथ खड़ी है जो अपने कंटेंट के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं।