NEWS: पुरुषोत्तम मास पर देवरी खवासा में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोलेनाथ के जयकारों से गूंजा अंचल, भव्य कलश यात्रा के साथ शिव महापुराण कथा का मंगल शुभारंभ,पढ़े खबर
पुरुषोत्तम मास पर देवरी खवासा में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोलेनाथ के जयकारों से गूंजा अंचल, भव्य कलश यात्रा के साथ शिव महापुराण कथा का मंगल शुभारंभ
मनासा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर समीपस्थ ग्राम देवरी खवासा में सोमवार को भक्ति का अनूठा उल्लास देखने को मिला। अवसर था ग्राम में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय शिव महापुराण कथा का, जिसका भव्य आगाज ढोल-धमाकों और गगनभेदी जयकारों के बीच निकाली गई कलश यात्रा के साथ हुआ। सुबह 10:00 बजे जैसे ही कलश यात्रा शुरू हुई, पूरा क्षेत्र 'हर-हर महादेव' के उद्घोष से शिवमय हो गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सिर पर मंगल कलश धारण कर सहभागिता की। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं, भजनों पर थिरकती महिलाओं और श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे वातावरण को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए यह भव्य यात्रा कथा स्थल अंबिकापुरी पाटीदार समाज धर्मशाला पहुंची, जहां विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पोथी पूजन कर कथा का विधि-विधान से शुभारंभ कराया गया।
7 जून तक बहेगी शिवज्ञान की गंगा-
आयोजन समिति ने बताया कि यह दिव्य संगीतमय शिव महापुराण कथा 1 जून से 7 जून 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 11:00 बजे से 3:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित श्री रूद्रदेव त्रिपाठी (जावद) द्वारा किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिन व्यासपीठ से पंडित त्रिपाठी ने शिव महापुराण की महिमा बताते हुए कहा कि इस पवित्र मास में भगवान शिव की कथा का श्रवण मात्र ही जीवन का कल्याण कर देता है। आयोजन समिति और समस्त देवरी खवासा ग्रामवासियों ने अंचल के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।