NEWS: गोकुलधाम में गूंजा 'हर-हर महादेव', श्रद्धा और उल्लास, कलश यात्रा, शिखर पूजन और भव्य भंडारे के साथ शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न,पढ़े खबर

गोकुलधाम में गूंजा 'हर-हर महादेव', श्रद्धा और उल्लास, कलश यात्रा, शिखर पूजन और भव्य भंडारे के साथ शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न

NEWS: गोकुलधाम में गूंजा 'हर-हर महादेव', श्रद्धा और उल्लास, कलश यात्रा, शिखर पूजन और भव्य भंडारे के साथ शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न,पढ़े खबर

नीमच। उपनगर बघाना के धनेरिया कलां रोड स्थित गोकुलधाम कॉलोनी में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भक्ति,शक्ति और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला। जहां नवनिर्मित श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर पर होस्ट हब के संचालक एवं प्रसिद्ध बिल्डर विक्रमसिंह राजपूत (बिहार वाले) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन भगवान शिव के सपरिवार मंदिर में विराजित होने के साथ हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान से समूचा क्षेत्र शिवमय हो गया।

तीन दिनों तक चला भक्ति का अनुष्ठान- 
कार्यक्रम का आगाज़ 13 फरवरी को स्थापना पूजन के साथ हुआ। दूसरे दिन, 14 फरवरी को विद्वान पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देव पूजन, हवन और विशेष रुद्राभिषेक संपन्न किया गया। मुख्य यजमान विक्रमसिंह राजपूत ने सपरिवार सभी धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।

भव्य कलश यात्रा और नगर भ्रमण-
महोत्सव के अंतिम दिन, महाशिवरात्रि पर सुबह भगवान शिव के परिवार को आकर्षक रथ में सजाकर नगर भ्रमण कराया गया। ढोल-धमाकों और भजनों की धुन पर निकली इस भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और बालिकाएं शामिल हुईं। कलश यात्रा के बाद मंदिर शिखर पर कलश स्थापना एवं ध्वज दंड चढ़ाया गया, जिसके साथ ही शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से पूर्ण हुई।

भंडारे में उमड़ा जनसैलाब' भजनों से सजी शाम-
प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर पर विशाल फलिहारी प्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया। दोपहर से शुरू हुआ यह भंडारा देर शाम तक चला, जिसमें अंचल के हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की। आयोजन का समापन देर शाम आयोजित भजन संध्या के साथ हुआ, जहाँ गायकों ने एक से बढ़कर एक शिव भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर कॉलोनी वासी मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे। आयोजन की सफलता पर विक्रमसिंह राजपूत ने सभी सहयोगियों और धर्मप्रेमियों का आभार व्यक्त किया।