BIG NEWS: घेराबंदी, अंधाधुंध फायरिंग और क्रेटा कार का एक्सीडेंट! मंदसौर पुलिस की इस जांबाज कार्रवाई के आगे ढेर हुए राजस्थान के शातिर तस्कर, जानिए अंदर की पूरी कहानी...पढ़े ये खबर
घेराबंदी, अंधाधुंध फायरिंग और क्रेटा कार का एक्सीडेंट! मंदसौर पुलिस की इस जांबाज कार्रवाई के आगे ढेर हुए राजस्थान के शातिर तस्कर, जानिए अंदर की पूरी कहानी...
मंदसौर। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने पुलिस बल पर जानलेवा हमला कर भाग रहे अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक बड़ी और साहसिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से एक हुण्डई क्रेटा कार, भारी मात्रा में डोडाचूरा और एक अवैध देशी पिस्टल मय कारतूस बरामद की गई है। जप्त किए गए डोडाचूरा की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 5 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल व प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पंवार के कुशल नेतृत्व में की गई।
पेड़ से टकराई तस्करों की तेज रफ्तार क्रेटा कार-
जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 को सउनि बाबूलाल डामोर मय फोर्स के साथ बरखेडा विरपुरिया फंटा सगस बावजी मंदिर के पास नारायणगढ़-पिपलिया मंडी रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पिपलिया मंडी की तरफ से आ रही एक क्रेटा कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख कार चालक ने वाहन को और तेज व लापरवाही पूर्वक भगाया। रफ्तार अधिक होने के कारण कार अनियंत्रित होकर एक यात्री प्रतीक्षालय की दीवार और फिर पेड़ से जा टकराई।
पुलिस पर झोंका फायर, घेराबंदी कर दबोचा-
कार टकराने के बाद उसमें सवार दोनों तस्कर नीचे उतरकर भागने लगे। खुद को घिरता देख आरोपियों में से एक ने पुलिस बल पर जान से मारने की नियत से चार राउंड फायर किए। इसके बावजूद पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धरदबोचा।
गिरफ्तार तस्करों के नाम व पता-
राजूराम पिता प्रभुराम विश्नोई (उम्र 31 साल), निवासी: ग्राम बड़ा बाडवी, थाना बागोडा, जिला जालोर (राजस्थान)।
सूरज पिता मंगलाराम विश्नोई (उम्र 19 साल), निवासी: ग्राम सेवडा, थाना चितलवाना, जिला सांचोर (राजस्थान)।
कुल 20.51 लाख रुपये का मशरुका जप्त-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे वाली हुण्डई क्रेटा कार (क्रमांक MP 04 KR 1543) की तलाशी ली, जिसमें से 12 प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 252 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी सूरज के पास से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा और एक खाली कारतूस बरामद किया गया। जप्त सामग्री की सूची इस प्रकार है:
अवैध डोडाचूरा (252 किलो): कीमत ₹5,10,000/-
हुण्डई क्रेटा कार: कीमत ₹15,00,000/-
देशी पिस्टल व कारतूस: कीमत ₹11,000/-
ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल: कीमत ₹12,000/-
विवो एंड्रॉयड मोबाइल: कीमत ₹15,000/-
बदली जाने वाली 06 वाहन नंबर प्लेटें: कीमत ₹500/-
जियो कंपनी का डोंगल: कीमत ₹3,000/-
विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज-
नारायणगढ़ पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 149/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 29, आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 व 109 (1) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों से डोडाचूरा की इस खेप के मुख्य स्रोत और उनके अंतर्राज्यीय नेटवर्क को लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।