BIG NEWS : कंटेनर में भरा अवैध मादक पदार्थ, फिर मंदसौर से राजस्थान के सफर की शुरुआत, पर हर्कियाखाल फंटा आते ही CBN ने घेरा, लाल मिर्च की आड़ में नशा तस्करी का भंडाफोड़, 400 किलो से ज्यादा डोडाचूरा जब्त, उत्तराखंड का तस्कर भी गिरफ्तार, पढ़े खबर

कंटेनर में भरा अवैध मादक पदार्थ

BIG NEWS : कंटेनर में भरा अवैध मादक पदार्थ, फिर मंदसौर से राजस्थान के सफर की शुरुआत, पर हर्कियाखाल फंटा आते ही CBN ने घेरा, लाल मिर्च की आड़ में नशा तस्करी का भंडाफोड़, 400 किलो से ज्यादा डोडाचूरा जब्त, उत्तराखंड का तस्कर भी गिरफ्तार, पढ़े खबर

नीमच। नशीले पदार्थो के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में विशेष खुफिया सूचना के आधार पर सीबीएन एमपी यूनिट नीमच की प्रिवेंटिव टीम द्वारा दिनांक 12.04.2026 को नीमच-मंदसौर हाईवे स्थित हर्कियाखाल फोरवे पर एक कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान ट्रक से 405.340 किलोग्राम अवैध पोस्ता भूसी (डोडाचूरा) बरामद किया गया। जिसे लाल मिर्च के बोरो की आड़ में छुपाकर ले जाया जा रहा था।

प्राप्त सूचना के अनुसार एक तस्कर द्वारा मंदसौर से राजस्थान की ओर एक कंटेनर ट्रक (कोटपूतली, राजस्थान पंजीयन) के माध्यम से भारी मात्रा में डोडाचूरा की तस्करी की जा रही थी। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएनसी कार्यालय नीमच की प्रिवेंटिव टीम का गठन कर रात्रि में तैनात किया गया। टीम ने हर्कियाखाल चौराहे के पास संदिग्ध वाहन को सफलतापूर्वक रोका।

कंटेनर की गहन तलाशी लेने पर पाया गया कि मादक पदार्थ को बड़ी चतुराई से काले तिरपाल के नीचे छुपाकर तथा लाल मिर्च के जूट बैग्स के पीछे रखा गया था, ताकि उसकी गंध को छिपाया जा सके। तलाशी के दौरान कुल 18 प्लास्टिक बैग में भरा हुआ 405.340 किलोग्राम पोस्ता भूसी बरामद किया गया। विधिक औपचारिकताओं के पश्चात बरामद एनडीपीएस पदार्थ एवं कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया गया तथा एक व्यक्ति (निवासी चंपावत, उत्तराखंड) को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम, 1985 के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है। 

सीबीएन एमपी यूनिट नशा मुक्त भारत के संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध है एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध इस प्रकार की कठोर कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।