BIG NEWS: पिपलिया स्टेशन को रेलवे का बड़ा जंक्शन बनाने की मांग तेज, नई रेल लाइन से लेकर कई ट्रेनों के ठहराव हेतु रेल मंत्री और डीआरएम को भेजा गया विस्तृत ज्ञापन, पढ़े खबर
पिपलियामंडी, 5 जून। क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री समस्याओं के समाधान को लेकर अब जनआवाज तेज हो गई है। रेल सुविधा विस्तार समिति पिपलिया स्टेशन ने रेल मंत्री, मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रतलाम तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को विस्तृत ज्ञापन भेजकर पिपलिया स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव, नई रेल लाइन स्वीकृति और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई है।

समिति ने ज्ञापन में बताया कि पिपलिया स्टेशन तहसील मल्हारगढ़ सहित आसपास के दर्जनों गांवों का प्रमुख रेल संपर्क केंद्र है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी, विद्यार्थी, श्रमिक और आमजन विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं, लेकिन पर्याप्त रेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में उज्जैन-चित्तौड़गढ़-उज्जैन (वाया फतेहाबाद) मेमू ट्रेन, काचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस तथा इंदौर-बीकानेर साप्ताहिक एक्सप्रेस का पिपलिया स्टेशन पर नियमित ठहराव स्वीकृत करने की मांग की गई है। समिति का कहना है कि इन ट्रेनों का ठहराव होने से हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

समिति ने रतलाम-चित्तौड़गढ़ रेलखंड से दिल्ली के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में कोटा-मंदसौर ट्रेन का विस्तार दिल्ली तक करने तथा रतलाम-ग्वालियर ट्रेन को नीमच तक बढ़ाने की मांग की गई है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी सहित अन्य प्रमुख शहरों तक सीधा रेल संपर्क मिल सके। रेल सुविधा विस्तार समिति ने सामान्य यात्री ट्रेनों में एक्सप्रेस श्रेणी का किराया वसूले जाने पर भी आपत्ति दर्ज कराते हुए सामान्य ट्रेनों में पूर्व की तरह साधारण किराया लागू करने की मांग की है। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रेल किराया रियायत को पुनः शुरू करने की मांग भी उठाई गई है।

ज्ञापन में कोरोना काल से बंद पड़ी पार्सल बुकिंग सुविधा को पुनः प्रारंभ करने तथा प्लेटफार्म पर कोच इंडिकेशन सिस्टम लगाने की मांग भी की गई है। समिति का कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में यात्रियों के साथ-साथ किसानों और व्यापारियों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

समिति ने क्षेत्र की वर्षों पुरानी और महत्वाकांक्षी मांग अहमदाबाद-बांसवाड़ा-प्रतापगढ़-पिपलियामंडी-नारायणगढ़-मनासा-रतनगढ़-सिंगोली-कोटा नई रेल लाइन परियोजना को भी शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की। समिति का मानना है कि इस रेल लाइन के निर्माण से मालवा क्षेत्र के व्यापार, उद्योग, पर्यटन और कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव होगा।

रेल सुविधा विस्तार समिति ने उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन और केंद्र सरकार जनहित से जुड़ी इन महत्वपूर्ण मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे लाखों यात्रियों को राहत मिल सके।फोटो कैप्शन : पिपलिया स्टेशन पर रेल सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के ठहराव और नई रेल लाइन की मांग को लेकर रेल मंत्री एवं रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन भेजते रेल सुविधा विस्तार समिति के सदस्य।