BIG NEWS: गरोठ में एटीएम कटिंग गैंग का बड़ा खुलासा! गैस कटर से ATM काटकर 6 लाख उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 3 शातिर गिरफ्तार, पढ़े खबर
गरोठ। मंदसौर जिले के गरोठ थाना पुलिस ने बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को गैस कटर से काटकर नकदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 6 लाख रुपए की राशि बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल डिजायर कार, गैस कटर, गैस सिलेंडर, एटीएम के पार्ट्स सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने भानपुरा रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया, गरोठ के एटीएम को गैस कटर की मदद से काटकर उसमें रखी नकदी पर हाथ साफ किया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली और गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।

कई राज्यों में कर चुके हैं एटीएम कटिंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी किसी स्थानीय वारदात तक सीमित नहीं थे, बल्कि अंतरराज्यीय एटीएम कटिंग गैंग के रूप में सक्रिय थे। गिरोह द्वारा पूर्व में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश में भी बैंक एटीएम को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह अब तक एटीएम कटिंग के जरिए करोड़ों रुपए की राशि चोरी कर चुका है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी एटीएम कटिंग, चोरी, लूट और धोखाधड़ी जैसे मामलों में आरोपी रहे हैं तथा कुछ मामलों में फरार चल रहे थे।

कार से लेकर गैस कटर तक सामान बरामद
गरोठ पुलिस ने आरोपियों से चोरी की रकम के अलावा वारदात में प्रयुक्त डिजायर कार, गैस कटर, गैस सिलेंडर, एटीएम के कटे हुए पार्ट्स और अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और इसमें शामिल दूसरे आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

गरोठ पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय एटीएम कटिंग गिरोह की गतिविधियों का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े पुराने मामलों और अलग-अलग राज्यों में हुई एटीएम कटिंग की घटनाओं को भी जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।
