मौत का महातांडव: मधुमक्खियों का खौफनाक डबल अटैक,पहले ली बुजुर्ग की जान,फिर उसके अंतिम संस्कार में ही बरपाया कहर,लाश छोड़ भागे लोग,50 से ज्यादा घायल तो 1 की दर्दनाक मौत, PPE किट में अंतिम संस्कार, मामला बेगू क्षेत्र का,पढ़े खबर

मौत का महातांडव: मधुमक्खियों का खौफनाक डबल अटैक,पहले ली बुजुर्ग की जान,फिर उसके अंतिम संस्कार में ही बरपाया कहर,लाश छोड़ भागे लोग,50 से ज्यादा घायल तो 1 की दर्दनाक मौत, PPE किट में अंतिम संस्कार, मामला बेगू क्षेत्र का,पढ़े खबर

चित्तौड़गढ़। जिले के बैगू उपखण्ड मे पारसोली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मधुमक्खियों के हमले ने शोक सभा को चीख-पुकार में बदल दिया। पहले एक बुजुर्ग की जान गई, और फिर उनके अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों ने ऐसा हमला किया कि शमशान घाट रणभूमि बन गया।

 पहले हमला, फिर मौत

मंगलवार को 80 वर्षीय जामनालाल पांडे पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए चित्तौड़गढ़ लाया गया, जहां बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जब शमशान घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड टूट पड़ा। हमले से अफरा-तफरी मच गई और लोग शव को छोड़कर जान बचाने के लिए भागने लगे।

50 से ज्यादा घायल, एक और मौत

इस हमले में करीब 50 से ज्यादा मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए। जिन्हें तुरंत पारसोली सीएचसी लाया गया। डॉक्टर रवि धाकड़ ने हालात संभालने के लिए नंदवाई, दुगर और कार्टूंडा से मेडिकल स्टाफ बुलाया और सभी का इलाज शुरू किया। जहां इलाज के दौरान भवानी शंकर (75) की मौत हो गई। वहीं 4 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रशासन अलर्ट 

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया और तहसीलदार गोपाल जीनगर ने हालात का जायजा लिया।

PPE किट पहनकर कराया अंतिम संस्कार

घटना के बाद प्रशासन और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए अधिकारियों ने कुछ लोगों को PPE किट पहनाकर शमशान घाट भेजा, तब जाकर अंतिम संस्कार पूरा कराया गया।

 इलाके में दहशत का माहौल

पारसोली, बसी, कुंभानगर और राणा सांगा बाजार क्षेत्र के लोग इस घटना से सहमे हुए हैं। एक ही घटना में दो मौतें और दर्जनों घायल होने से पूरे इलाके में डर का माहौल है।