BIG NEWS: मंदसौर में पुलिस का ‘ऑपरेशन मिडनाइट’… आधी रात मचा हड़कंप, MD ड्रग्स-डोडाचूरा जब्त, 116 वारंटी सलाखों के पीछे, पढ़े खबर
मंदसौर । जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार रात बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की। दिनांक 22 मई 2026 को जिलेभर में चली कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटर बदमाशों, अवैध शराब कारोबारियों और जुआ-सट्टा संचालकों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना शामगढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित पिता गोपाल विश्वकर्मा उम्र 22 वर्ष निवासी मधुर कॉलोनी शामगढ़ जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 68 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स जब्त की गई।
वहीं थाना नाहरगढ़ पुलिस ने आरोपी दशरथ पिता मदनलाल सूर्यवंशी उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम अजयपुर खेड़ा थाना सुवासरा के कब्जे वाली सफेद रंग की बलेनो कार से 65 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस ने वाहन सहित मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

मंदसौर पुलिस ने जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ रातभर “सर्जिकल स्ट्राइक” चलाते हुए कुल 116 वारंटियों को धर दबोचा। इनमें 78 स्थायी वारंटी शामिल हैं, जिनमें धारा 138 के 14, विद्युत अधिनियम के 43 तथा अन्य मामलों के 21 वारंटी शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा 31 गिरफ्तारी वारंटियों को भी पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान गिरफ्तार किया।

गश्त के दौरान पुलिस ने जिले के हिस्ट्रीशीटर, गुंडा और बदमाशों की सघन चेकिंग भी की। कार्रवाई के दौरान 55 निगरानी बदमाशों और 59 गुंडा-बदमाशों की जांच करते हुए कुल 114 हिस्ट्रीशीटर, जिलाबदर और निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई।

अवैध शराब के खिलाफ भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। जिले में कुल 11 प्रकरण दर्ज कर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 57.24 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 22 हजार 840 रुपये बताई गई है।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई करते हुए एमवी एक्ट के तहत 32 चालान बनाए और 14 हजार 800 रुपये समन शुल्क वसूला।
इसके अलावा जुआ-सट्टा चलाने वालों पर कार्रवाई करते हुए 7 प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में 8 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर 2625 रुपये नकद जब्त किए गए।