BIG NEWS: दलौदा में बाइक चोर का खेल खत्म, CCTV, मुखबिर और पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से खुला राज, चोरी की 2 मोटरसाइकिल बरामद, शातिर आरोपी नागेश्वर गिरफ्तार,पढ़े खबर
मंदसौर, मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी संपत्ति संबंधी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सभी जिलों में विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी तारतम्य में जिला मंदसौर में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि क्षेत्र में हो रही चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।

उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंदसौर तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण श्रीमती कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना दलौदा पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलता अर्जित की गई। थाना प्रभारी उनि शुभम व्यास के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।

घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि थाना दलौदा क्षेत्र में विगत कुछ दिनों से अज्ञात बदमाश द्वारा दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना दलौदा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। थाना प्रभारी द्वारा तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर उसे सक्रिय किया गया। टीम ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके साथ ही संभावित संदिग्धों की तलाश शुरू की गई तथा मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।

लगातार प्रयासों, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी नागेश्वर पिता रामेश्वर धोबी, उम्र 27 वर्ष, निवासी पटेला, थाना दलौदा जिला मंदसौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई 02 मोटरसाइकिलों को बरामद कर लिया। इस सफलता के साथ ही क्षेत्र में हो रही बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा हो गया है।

सराहनीय कार्य
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि शुभम व्यास के साथ प्र.आर. 141 राजपाल, प्र.आर. 55 दीपेन्द्र सिंह, आरक्षक परिमल एवं आरक्षक सागर शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।