NEWS: चीताखेड़ा में उप सरपंच विकास प्रजापत की अनूठी पहल, रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों के लिए 5 दिन तक चाय-नाश्ता नि:शुल्क, जीता सेवा भाव ने श्रद्धालुओं का दिल, पढ़े खबर
चीताखेड़ा। बाबा रामदेव के दर्शन के लिए रामदेवरा की पैदल यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं के लिए चीताखेड़ा में सेवा और समर्पण की मिसाल सामने आई है। ग्राम पंचायत के उप सरपंच एवं धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले विकास प्रजापत ने पैदल यात्रियों के लिए पांच दिवसीय निःशुल्क अल्पाहार व्यवस्था शुरू की है।

यह सेवा स्थानीय बस स्टैंड स्थित जय माता दी मोबाइल दुकान पर 30 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान यात्रा मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को चाय-नाश्ता नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

विकास प्रजापत ने कहा कि बाबा रामदेव के दर्शन के लिए पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इस मार्ग से गुजरने वाले सभी पैदल यात्रियों से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के इस निःशुल्क अल्पाहार व्यवस्था का लाभ लें।

पांच दिवसीय सेवा के दौरान श्रद्धालुओं को चाय-नाश्ता मिलने से उनमें भी खुशी देखने को मिल रही है। यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे यात्रा के दौरान मिलने वाली आत्मीय सेवा बताया।

वहीं, ग्राम चीताखेड़ा के गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों ने भी इस सेवा कार्य के लिए उप सरपंच विकास प्रजापत का आभार व्यक्त किया और कहा कि धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की सेवा करना सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदना का प्रेरणादायी उदाहरण है।