NEWS: मनासा में गूंजा 100वां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, हजारों सनातन परिवारों ने लिया सत्संग का पुण्य लाभ, पढ़े खबर

साध्वी जयमाला दीदी ने कहा—सत्यता को जीवन में धारण कर आचरण करने वाला ही सच्चा सनातनी; भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण

NEWS: मनासा में गूंजा 100वां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, हजारों सनातन परिवारों ने लिया सत्संग का पुण्य लाभ, पढ़े खबर

मनासा। नगर में धर्म, आध्यात्म, संस्कार, सामाजिक सद्भाव और समरसता के उद्देश्य से आयोजित होने वाले सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग की श्रृंखला ने मंगलवार को ऐतिहासिक पड़ाव पार किया। सनातन सत्संग मंडल के तत्वावधान में आयोजित 100वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में हजारों की संख्या में सनातन परिवारों ने सहभागिता कर धर्म और भक्ति के इस आयोजन को भव्य बना दिया।

कार्यक्रम में आर्यावर्त षटदर्शन साधु मंडल भारत की प्रदेश अध्यक्ष साध्वी जयमाला दीदी ने कहा कि अपने जीवन में सत्यता को धारण कर उसी के अनुरूप आचरण करने वाला व्यक्ति ही सच्चा सनातनी होता है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्य, संस्कार, सद्भाव और मानवता को जीवन में उतारने की प्रेरणा देती है।

मंदिरों की नगरी में लगातार हो रहा धार्मिक आयोजन

अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के युवा विद्वान, रामराष्ट्र आराधक साहित्याचार्य संत श्री चेतनराम जी की पावन प्रेरणा से मंदिरों की नगरी मनासा में प्रत्येक मंगलवार सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग का आयोजन नगर के अलग-अलग मंदिरों एवं क्षेत्रों में किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित 100वें आयोजन में प्रेस क्लब मनासा (रजिस्टर्ड) के सौजन्य से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

दीप प्रज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ शुभारंभ

सत्संग का शुभारंभ श्रीहनुमान जी एवं अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के आद्य आचार्य स्वामी श्रीरामचरणजी महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण-पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रेस क्लब के संरक्षक मंडल के कैलाश सोढ़ानी, शब्बीर बोहरा, रामधन विजयवर्गीय, सुरेश कुमावत, हेमन्त शर्मा, संजय व्यास सहित अध्यक्ष धर्मेन्द्र पाटीदार, उपाध्यक्ष परसराम वर्मा, सचिव नरेंद्र कुशवाह, सहसचिव दिलीप बोराना तथा कार्यकारिणी सदस्यों ने सहभागिता की।

साध्वी जयमाला दीदी का हुआ भव्य स्वागत

विशेष रूप से उपस्थित साध्वी जयमाला दीदी का क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी, नगर निरीक्षक पुलिस नीलेश अवस्थी, प्रेस क्लब के सदस्यों एवं सनातन सत्संग मंडल के पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

भजनों से भक्तिमय हुआ पूरा वातावरण

कार्यक्रम के दौरान आयोजित भजन प्रवाह में विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, राजकुमार मारू, सत्यनारायण सोनी, मनीष, अर्पित शर्मा, कमल विजयवर्गीय, अरुण झंवर, विजय उपाध्याय एवं ओम सोनी ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भजनों के दौरान पूरा वातावरण जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से गूंज उठा।

अब 101वें पाठ की तैयारी, 25 अगस्त को फिर जुटेंगे श्रद्धालु

सनातन सत्संग मंडल ने 100वें आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रेस क्लब मनासा एवं सभी सनातन परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी मंगलवार 25 अगस्त को रात्रि 8:30 बजे श्री मनभावन हनुमान मंदिर, कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित होने वाले 101वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया गया।