BIG NEWS: 11 साल की बेटी के भविष्य और भरण-पोषण का सवाल, जमीन पर कब्जे के विवाद में विधवा ने कलेक्टर से मांगा न्याय, पढ़े खबर

BIG NEWS: 11 साल की बेटी के भविष्य और भरण-पोषण का सवाल, जमीन पर कब्जे के विवाद में विधवा ने कलेक्टर से मांगा न्याय, पढ़े खबर

नीमच। रामपुरा क्षेत्र की एक विधवा महिला ने अपनी जमीन पर कब्जा नहीं मिलने और विरोध करने पर डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए नीमच कलेक्टर से शिकायत की है। महिला ने मामले में हस्तक्षेप कर जमीन का कब्जा दिलाने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

रामपुरा के बड़ा अस्तर, बड़ा तालाब निवासी ललीताबाई, पति स्वर्गीय ओमप्रकाश बैरागी ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि उनके परिवार में वह और उनकी 11 वर्षीय पुत्री ही हैं। उनके पति पिछले दो-तीन वर्षों से बीमार थे, जिनका बाद में निधन हो गया। ऐसे में परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन पर है।

आवेदन के अनुसार, ग्राम सोनडी एवं नाली की मार क्षेत्र में सर्वे क्रमांक 48, 49 और 50 की भूमियां श्रीराम मंदिर की जागीरी की हैं। महिला का कहना है कि उनके पति ने पूर्व में उक्त भूमियां जोड़मी निवासी मोटाजी चावड़ा को लीज पर दी थीं। लीज की अवधि समाप्त होने के बाद उन्होंने ये भूमियां जगदीश पिता रामनारायण रावत को पुनः लीज पर दे दीं।

महिला ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद मोटाजी चावड़ा, निवासी जोड़मी, द्वारा विवाद किया जा रहा है, जबकि मोलकी निवासी कारू रावत पटेल जमीन का कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं। आवेदन में कहा गया है कि दोनों के व्यवहार के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खेत पर जाने के दौरान उनके साथ-साथ लीज पर जमीन लेने वाले जगदीश रावत को भी डराने-धमकाने और विवाद करने का प्रयास किया जा रहा है।

हाथ-पैर काटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

ललीताबाई ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि विपक्षी उन्हें जमीन पर नहीं आने की चेतावनी देते हुए हाथ-पैर काटने और जान से मारने की धमकी देते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि संबंधित लोगों के व्यवहार के चलते उनके साथ कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है।

महिला ने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि मामले की जांच कराकर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए, जमीन का कब्जा दिलाया जाए और उन्हें व उनकी नाबालिग पुत्री को सुरक्षा एवं न्याय प्रदान किया जाए।