BIG NEWS: NEET-UG 2026 को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सख्त! 30 जिलों के 283 परीक्षा केंद्रों पर हाई अलर्ट, CCTV-बायोमैट्रिक-जैमर अनिवार्य, अभ्यर्थियों को मिलेगी प्रशासनिक मदद, पढ़े खबर

BIG NEWS: NEET-UG 2026 को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सख्त! 30 जिलों के 283 परीक्षा केंद्रों पर हाई अलर्ट, CCTV-बायोमैट्रिक-जैमर अनिवार्य, अभ्यर्थियों को मिलेगी प्रशासनिक मदद, पढ़े खबर

भोपाल। 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री Dr. Mohan Yadav ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और कुशलता के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रदेश के 30 जिलों में बनाए गए 283 परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमैट्रिक मशीनें और जैमर 19 जून तक स्थापित कर दिए जाएं तथा 20 जून को इनका ट्रायल रन भी अनिवार्य रूप से कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जबलपुर में राष्ट्रपति प्रवास और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में भी सहयोग करेगा।

परीक्षा केंद्रों पर दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। महिला परीक्षार्थियों के लिए अलग फ्रिस्किंग व्यवस्था की जाएगी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर पुलिस अधिकारियों और कार्यपालिक दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की मौजूदगी रहेगी।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों पर जनरेटर, पेयजल, ओआरएस, ग्लूकोज, स्वास्थ्य सेवाएं और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की जाएगी। वहीं अभिभावकों के लिए प्रतीक्षा स्थल, टेंट और मोबाइल शौचालय भी उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर क्लॉक रूम की सुविधा भी रहेगी ताकि छात्र अपने सामान सुरक्षित रख सकें।

जिला स्तर पर समन्वय समितियों, नियंत्रण कक्षों और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक 3 से 4 परीक्षा केंद्रों पर एक नोडल अधिकारी निगरानी रखेगा।गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। इस बार परीक्षार्थियों को 15 मिनट अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि NEET परीक्षा के लिए तैयार की गई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) को भविष्य में आयोजित होने वाली अन्य परीक्षाओं में भी लागू किया जाएगा।