NEWS: मंदसौर में सर्वाइकल कैंसर (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ, 14 वर्षीय बालिकाओं को दिया जा रहा सुरक्षा कवच, पढ़े खबर

NEWS: मंदसौर में सर्वाइकल कैंसर (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ, 14 वर्षीय बालिकाओं को दिया जा रहा सुरक्षा कवच, पढ़े खबर

मंदसौर। प्रधानमंत्री द्वारा अजमेर से किए गए राष्ट्रव्यापी शुभारंभ के अनुक्रम में मंदसौर जिले में सर्वाइकल कैंसर (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत प्रथम चरण में 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीका लगाया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के पहले दिन जिले के 10 चिन्हित स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 22 बालिकाओं को टीकाकरण किया गया। उन्होंने बताया कि यह टीकाकरण शासकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा।

डॉ. चौहान ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर एवं जानलेवा रोग है, जिसका प्रमुख कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय समय पर एचपीवी टीकाकरण है। सही आयु में लगाया गया यह टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करता है।

जिले की पात्र बालिकाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला चिकित्सालय मंदसौर, सिविल अस्पताल भानपुरा एवं गरोठ सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हारगढ़, नगरी, शामगढ़, सीतामऊ, सुवासरा, धुंधड़का तथा नारायणगढ़ में टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बेटियों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।