BREAKING NEWS: खेत में दहशत! दाता रतनपुरा की गेहूं फसल में घुसा 10 फीट लंबा मगरमच्छ,दो घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग ने किया रेस्क्यू ,पढ़े मनीष जोलानिया की खबर
मनासा। गांव दाता रतनपुरा में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शांतिलाल पिता हीराजी के कुएं के पास स्थित गेहूं की फसल में एक विशालकाय मगरमच्छ नजर आया। खेत में मगरमच्छ दिखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना दोपहर 12:05 बजे उपवनमंडल अधिकारी मनासा दशरथ अखंड एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी रामपुरा को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। पकड़ा गया मगरमच्छ लगभग 10 फीट लंबा और करीब डेढ़ क्विंटल वजनी बताया गया, जो पूर्णतः स्वस्थ था। रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से गाँधी सागर डैम क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू टीम में डिप्टी रेंजर कैलाश राठौड़, वन रक्षक घनश्याम गोयल एवं वाहन चालक प्रेम सिंह गौड़ की सराहनीय भूमिका रही। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।