BIG NEWS MP में हरित ऊर्जा का सबसे बड़ा इतिहास रचा! CM डॉ. मोहन यादव ने 2080 करोड़ के दो मेगा सोलर पार्कों की दी सौगात, अब नीमच बनेगा देश की सबसे सस्ती बिजली का केंद्र, पढ़े खबर

BIG NEWS MP में हरित ऊर्जा का सबसे बड़ा इतिहास रचा! CM डॉ. मोहन यादव ने 2080 करोड़ के दो मेगा सोलर पार्कों की दी सौगात, अब नीमच बनेगा देश की सबसे सस्ती बिजली का केंद्र, पढ़े खबर

भोपाल/नीमच। मध्यप्रदेश ने स्वच्छ और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने रविवार को नीमच में 500 मेगावॉट क्षमता वाले नीमच सोलर पार्क और 450 मेगावॉट क्षमता वाले शाजापुर सोलर पार्क का लोकार्पण किया। करीब 2080 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इन परियोजनाओं के साथ प्रदेश अब ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की कतार में और मजबूत होकर खड़ा हो गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 1553.98 करोड़ रुपये की लागत वाली 38 औद्योगिक इकाइयों एवं विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हरित विकास, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नीमच अब केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के ग्रीन पावर सेक्टर का नया केंद्र बन रहा है। यहां देश का सबसे बड़ा पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट विकसित किया जा रहा है और हजारों मेगावॉट क्षमता की नई सौर परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

उन्होंने बताया कि नीमच सोलर पार्क से 2.14 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध होगी, जो देश की सबसे सस्ती सौर ऊर्जा दरों में शामिल है। इससे उद्योगों, किसानों और आम उपभोक्ताओं को भविष्य में बड़ा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ स्वच्छ, सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का नेतृत्व करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में रोजगार आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा फूड पार्क, पीएम मित्र पार्क और आधुनिक औद्योगिक परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी दोहराईं। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीदी में मध्यप्रदेश ने पंजाब को पीछे छोड़ दिया है तथा किसानों को 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया है। अब किसानों को शून्य ब्याज पर ऋण और दिन में सिंचाई के लिए बिजली जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में ग्रीन एनर्जी की महाशक्ति बन रहा है और मध्यप्रदेश इस अभियान का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि 2.14 रुपये प्रति यूनिट का सोलर टैरिफ देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में ग्रीन एनर्जी, पंप स्टोरेज, सोलर मैन्युफैक्चरिंग और पवन ऊर्जा परियोजनाओं के जरिए आने वाले वर्षों में हजारों करोड़ रुपये का निवेश और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

सरकार के अनुसार प्रदेश में अब तक 12 हजार मेगावॉट से अधिक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता स्थापित हो चुकी है। आगर, मक्सी, रीवा, ओंकारेश्वर और गांधी सागर जैसी परियोजनाएं मध्यप्रदेश को देश के सबसे बड़े ग्रीन एनर्जी हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।