BIG NEWS: आधी रात गांव भाटखेड़ी में चुपचाप हुआ बड़ा खेल... सुबह मिली जगह खाली, फिर CCTV ने खोला ऐसा राज कि पुलिस भी रह गई हैरान, क्या है पूरा मामला पढ़े मनीष जोलानिया की ये खबर
मनासा। नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम भाटखेड़ी में रविवार देर रात चोरों ने एक किसान के घर के बाहर खड़ा लाखों रुपये कीमत का महिंद्रा 575 ट्रैक्टर बुआई मशीन सहित चोरी कर लिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दो अज्ञात बदमाश रात करीब 1:15 बजे ट्रैक्टर स्टार्ट कर कच्चे रास्ते से अल्हेड रोड की ओर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भाटखेड़ी निवासी गोविंद पिता राधेश्याम पाटीदार ने रोज की तरह अपना ट्रैक्टर शेषावतार मंदिर के सामने स्थित घर के बाहर खड़ा किया था। सोमवार सुबह जब वह बाहर निकले तो ट्रैक्टर गायब मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और मनासा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध ट्रैक्टर चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि नयापुरा और जमुनिया रावजी रोड क्षेत्र में गांव के युवा प्रतिदिन रात्रि गश्त करते हैं, लेकिन घटना वाली रात गश्त नहीं होने का फायदा चोरों ने उठाया और वारदात को अंजाम दे दिया।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं पीड़ित किसान गोविंद पाटीदार ने ट्रैक्टर का सुराग बताने या बरामद कराने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
