BIG NEWS : मंदसौर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार: खेत में चल रही एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, करोड़ों की ड्रग्स और केमिकल जब्त, पढ़े खबर

'ड्रग फ्री मध्यप्रदेश' अभियान के तहत नई आबादी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

BIG NEWS : मंदसौर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार: खेत में चल रही एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, करोड़ों की ड्रग्स और केमिकल जब्त, पढ़े खबर

मंदसौर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नई आबादी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राम बाजखेड़ी में संचालित अवैध एमडी (सिंथेटिक) ड्रग निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार ड्रग्स, रासायनिक पदार्थ और ड्रग निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बाजखेड़ी स्थित एक खेत पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वहां अवैध रूप से एमडी ड्रग तैयार किए जाने का खुलासा हुआ।

13 किलो 850 ग्राम एमडी ड्रग बरामद

पुलिस ने मौके से 13 किलो 850 ग्राम एमडी ड्रग तथा 9 किलो 109 ग्राम रासायनिक पदार्थ (केमिकल) जब्त किया है। इसके अलावा ड्रग निर्माण में उपयोग होने वाली सेंट्रीफ्यूगल मशीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, इंडक्शन, ड्रम, बाल्टियां और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सदाकत खान (41 वर्ष) एवं आरीफ अजमेरी (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले का एक अन्य आरोपी ताहिर अजमेरी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

ड्रग्स नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नई आबादी में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स निर्माण, परिवहन, सप्लाई और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।