BIG ALERT: चंबल का खूंखार मगरमच्छ पहुंचा खेत के बाड़े तक! सुबह-सुबह ग्रामीणों की उड़ी नींद, पूरे गांव में मचा हड़कंप, वन विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद किया सुरक्षित रेस्क्यू, पढ़े खबर
रिपोर्ट : नरेंद्र राठौर
मंदसौर। जिले की सीतामऊ तहसील के ग्राम गोपालपुरा में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खेत में बने बाड़े के भीतर करीब 7 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। सुबह-सुबह मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही मंदसौर वन मंडल की सीतामऊ रेंज की टीम मौके पर पहुंची। परिक्षेत्र सहायक सतीश कुमार वर्मा, बिट गार्ड जितेंद्र सिंह पंवार एवं सहयोगी दीपक नगर ने स्थिति का जायजा लेकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। टीम ने सफलतापूर्वक मगरमच्छ को रेस्क्यू वाहन में रखा और बाद में उसके प्राकृतिक आवास चंबल नदी में सुरक्षित छोड़ दिया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम और जलस्तर में बदलाव के दौरान कई बार वन्यजीव अपने प्राकृतिक क्षेत्र से बाहर निकल आते हैं। ऐसे में लोगों को घबराने की बजाय तुरंत संबंधित विभाग को सूचना देना चाहिए।

वन विभाग की अपील
अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा है कि यदि कहीं मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने या छेड़ने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव और आमजन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते रेस्क्यू होने से किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।