NEWS: विधायक मारू के आश्वासन के बाद रामपुरा नगर बंद स्थगित, लाला तलाई से फोरलेन जोड़ने पर बनी सहमति, पढ़े खबर

NEWS: विधायक मारू के आश्वासन के बाद रामपुरा नगर बंद स्थगित, लाला तलाई से फोरलेन जोड़ने पर बनी सहमति, पढ़े खबर

रामपुरा। नीमच से गरोठ फोरलेन सड़क की स्वीकृति के बाद फोरलेन मार्ग को रामपुरा नगर से होकर निकालने की मांग को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहे आंदोलन को विधायक अनिरुद्ध माधव मारू के आश्वासन के बाद विराम मिल गया है। 7 अक्टूबर को प्रस्तावित रामपुरा नगर बंद को नागरिकों ने स्थगित कर दिया है।

फोरलेन को रामपुरा से निकालने की मांग को लेकर नगरवासियों द्वारा सोशल मीडिया एवं विभिन्न ग्रुपों के माध्यम से लगातार मांग उठाई जा रही थी। इसी क्रम में 3 अक्टूबर को सार्वजनिक लालबाग परिसर में नगरवासियों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में फोरलेन को रामपुरा से निकालने की मांग को लेकर चर्चा की गई तथा मांग के समर्थन में 7 अक्टूबर को रामपुरा बंद रखने का निर्णय लिया गया था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर के नागरिकों से चर्चा की। विधायक ने समस्या के समाधान के लिए रामपुरा नगर के समीप लाला तलाई से फोरलेन को जोड़ने को लेकर चर्चा की, जिससे नगरवासियों की मांग के समाधान की दिशा में रास्ता साफ हुआ।

विधायक के आश्वासन एवं समाधान की पहल के बाद नगरवासियों ने तत्काल प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर 7 अक्टूबर को प्रस्तावित रामपुरा बंद को स्थगित करने की घोषणा कर दी।

नगरवासियों ने कहा कि बंद स्थगित करने का निर्णय नगरहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। विधायक द्वारा समस्या को गंभीरता से लेकर तत्काल चर्चा एवं समाधान की दिशा में पहल किए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया।