BIG NEWS: डुंगलावदा में आग का तांडव, चंद मिनटों में राख हुआ घर, लाखों का सामान खाक,शॉर्ट सर्किट बना तबाही की वजह, पढ़े नरेंद्र राठौर की ये खबर
पिपलियामंडी: क्षेत्र के ग्राम डुंगलावदा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही पिपलियामंडी थाना पुलिस और नगर परिषद पिपलिया मंडी की फायर ब्रिगेड टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के साथ मिलकर दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास के अन्य मकानों को बड़ी तबाही से बचा लिया गया।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, घर के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगना बताया जा रहा है। इस भीषण हादसे में महेश पिता भेरूलाल पाटीदार के घर में रखा सुखा चारा, गेहूं, अन्य अनाज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

बताया जा रहा है कि इस आगजनी में करीब 5 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार के सामने अब रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
