BREAKING NEWS: रास्ते में गूंजीं नवजात की किलकारियां: रेफर की गई प्रसूता की 108 एंबुलेंस में हुई सुरक्षित डिलीवरी, पायलट और ईएमटी ने बचाई मां-बच्चे की जान, पढ़े खबर
नीमच/रतलाम। जिला अस्पताल नीमच से मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर की गई एक प्रसूता ने रास्ते में ही 108 एंबुलेंस में स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। एंबुलेंस स्टाफ की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार मंगला पति राजूलाल (24 वर्ष) निवासी झिकरा, जवाहर नगर, रावतभाटा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल नीमच में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय कारणों से उन्हें मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया।

रेफर के दौरान 108 एंबुलेंस CG04NZ1263 से रतलाम ले जाते समय डोडर चौराहे के समीप प्रसूता की प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस के पायलट अशोक कुमार और ईएमटी विजय शाक्य ने तत्काल एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रोककर आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाई और सफलतापूर्वक प्रसव कराया।

प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ पाए गए। प्राथमिक देखभाल देने के बाद दोनों को आगे के उपचार और निगरानी के लिए जिला अस्पताल रतलाम में भर्ती कराया गया।

108 एंबुलेंस कर्मचारियों की तत्परता, सूझबूझ और मानवीय सेवा की इस सराहनीय भूमिका की क्षेत्र में प्रशंसा की जा रही है।