BIG NEWS: 36 घंटे में उज्जैन पुलिस का बड़ा एक्शन, गला रेतकर हत्या की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल उस्तरा और दाढ़ी बनाने का औजार जब्त, पढ़े खबर
नागदा/उज्जैन। बिरलाग्राम थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाल काटने का उस्तरा और दाढ़ी बनाने का लोहे का औजार भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को थाना बिरलाग्राम में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जुलाई की रात उसके मौसा पारस मल्लाह, निवासी मुंबई, घर आए हुए थे। मुंबई लौटने के लिए टिकट कराने के उद्देश्य से रिश्तेदार संतोष साहनी को घर बुलाया गया था। रात करीब 11 बजे भोजन के बाद संतोष अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान घर के पीछे शोर-शराबा सुनाई दिया। मौके पर पहुंचे परिजनों और मोहल्लेवासियों ने देखा कि पड़ोसी बलराम नाई संतोष साहनी से गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने बाल काटने वाले उस्तरे से संतोष के गले पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके गले से काफी खून बहने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।

मामले में बिरलाग्राम पुलिस ने अपराध क्रमांक 209/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप साहब तथा नगर पुलिस अधीक्षक विक्रम अहिरवार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार दबिश देकर 36 घंटे के भीतर आरोपी बलराम पिता मोहनलाल, निवासी विद्यानगर, बिरलाग्राम (नागदा) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त उस्तरा और दाढ़ी बनाने का औजार भी जब्त किया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. जितेन्द्र पाटीदार, उनि. संजय माथुर, उनि. शांतिलाल मौर्य, प्रधान आरक्षक नरेंद्र, प्रधान आरक्षक संग्राम, सउनि दयाशंकर, आरक्षक संदीप यादव, नटवर सिंह, सौरभ सिंह भदौरिया, अंकित, सौदागर एवं आनंद की सराहनीय भूमिका रही।