BIG BREAKING: ‘पलंग पेटी में दम घुटने’ की कहानी निकली झूठी,भय्यु लाला उर्फ वाहीद की गोली मारकर हत्या, एसआईटी ने किया पर्दाफाश साक्ष्यों से छेड़छाड़ के आरोप में 2 गिरफ्तार, पत्नी रुकसाना फरार, अवैध पिस्टल जब्त, पढ़े खबर
मंदसौर। सुरजनी निवासी वाहीद उर्फ भय्यु लाला (42) की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती सूचना में जहां दम घुटने से मौत की बात कही गई थी, वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मृत्यु की पुष्टि होने के बाद गठित एसआईटी टीम ने हत्या का राजफाश कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि वाहीद उर्फ भय्यु लाला पुलिस के डर से पलंग पेटी में छुपा था और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर मर्ग क्रमांक 03/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की गई।
जिला चिकित्सालय मंदसौर में डॉक्टरों के पैनल से कराए गए पोस्टमार्टम एवं वीडियोग्राफी में खुलासा हुआ कि मृतक की मौत गोली लगने से हुई है। इसके बाद अपराध क्रमांक 83/2026 धारा 103(1), 238(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई एसआईटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ के पर्यवेक्षण में एसआईटी टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि घटना मृतक की पत्नी रुकसाना द्वारा की गई थी। वहीं सहयोगी आरोपी सलमान खान और बबलु खान ने साक्ष्यों से छेड़छाड़ कर उन्हें छुपाने का प्रयास किया।
2 आरोपी गिरफ्तार, पत्नी फरार
पुलिस ने आरोपी
सलमान खान पिता जमाल खान पठान, निवासी सुवासरा (हाल मुकाम सुरजनी)
बबलु खान पिता अब्दुल गनी पठान, निवासी सुरजनी
को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मुख्य आरोपी रुकसाना (पत्नी वाहीद उर्फ भय्यु) फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
अवैध हथियार बरामद
घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल आरोपियों की निशानदेही पर जब्त कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।