NEWS: नीमच में शुरू होगा बड़ा एंटी रेबीज अभियान! अब शहर के निराश्रित श्वानों को लगेगी मुफ्त वैक्सीन, कई संस्थाएं आईं साथ, पढ़े खबर

NEWS: नीमच में शुरू होगा बड़ा एंटी रेबीज अभियान! अब शहर के निराश्रित श्वानों को लगेगी मुफ्त वैक्सीन, कई संस्थाएं आईं साथ, पढ़े खबर

नीमच। शहर में बढ़ती श्वानों की संख्या और रेबीज के खतरे को देखते हुए अब एक बड़ी पहल शुरू होने जा रही है। हिमाचल प्रदेश की पशुप्रेमी संस्था सरामा फाउंडेशन द्वारा नीमच शहर के निराश्रित श्वानों को मुफ्त एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने की योजना बनाई जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य शहर के श्वानों को रेबीज मुक्त बनाना और आमजन में फैले डर को कम करना है।

जानकारी के अनुसार सरामा फाउंडेशन हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कुछ शहरों में भी इसी प्रकार का अभियान चला रही है। अब संस्था ने नीमच में इस सेवा को शुरू करने के लिए शहर की सामाजिक संस्था रचना फाउंडेशन से सहयोग मांगा है। साथ ही संस्था ने नगरवासियों और संबंधित विभागों से भी अपील की है कि वे अपनी-अपनी कॉलोनियों में रहने वाले निराश्रित श्वानों की संख्या की जानकारी उपलब्ध करवाएं ताकि अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया जा सके।

अक्सर देखा जाता है कि श्वानों को भोजन खिलाने वाले डॉग फीडर्स को जनता के विरोध और नाराजगी का सामना करना पड़ता है, क्योंकि लोगों में कुत्तों के काटने और रेबीज फैलने का भय बना रहता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सरामा फाउंडेशन और रचना फाउंडेशन ने यह पहल शुरू की है ताकि शहर के श्वानों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाकर उन्हें सुरक्षित बनाया जा सके।

सरामा फाउंडेशन की संचालिका विनीता प्रदीप ने बताया कि उनका संगठन हिमाचल प्रदेश में अपना स्वयं का शेल्टर संचालित कर रहा है। इस शेल्टर में वर्तमान में लगभग 215 जीवों की देखभाल की जा रही है, जिनमें श्वान, गाय, बछड़े, खच्चर, बिल्ली और मुर्गे शामिल हैं। इन सभी जानवरों को अलग-अलग स्थानों से रेस्क्यू कर उपचार के बाद शेल्टर में रखा गया है। संस्था पिछले कई वर्षों से बेसहारा और घायल पशुओं की सेवा में जुटी हुई है।

नीमच में जल्द शुरू होने वाले एंटी रेबीज वैक्सीनेशन अभियान को लेकर हाल ही में एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अभियान के दौरान आने वाली संभावित परेशानियों, संसाधनों की जरूरत और जनसहयोग से इसे सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में सरामा फाउंडेशन की फाउंडर विनीता प्रदीप, रचना फाउंडेशन अध्यक्ष संध्या नायर, रचना राइजिंग क्लब अध्यक्ष स्वीटी खंडेलवाल, उपाध्यक्ष अलका चोपड़ा, नीता दुआ, कीर्ति श्रीवास्तव, सरोज छाबड़ा, बानो पठान सहित कई सक्रिय सदस्याएं उपस्थित रहीं।

शहर के पशुप्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित और पशु संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया है।