BREAKING NEWS : प्रकृति का कहर बना बेजुबान की मौत का कारण, तेज आंधी-बारिश में धराशायी हुआ पेड़, उससे बंधी गाय ने मौके पर तोड़ा दम, पढ़े आजाद मंसूरी की ये खबर

BREAKING NEWS : प्रकृति का कहर बना बेजुबान की मौत का कारण, तेज आंधी-बारिश में धराशायी हुआ पेड़, उससे बंधी गाय ने मौके पर तोड़ा दम, पढ़े आजाद मंसूरी की ये खबर

चीता खेड़ा (जीरन)। गुरुवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने ग्राम चीता खेड़ा में एक किसान को बड़ा नुकसान पहुंचा दिया। तेज तूफानी हवाओं के कारण खेत में खड़ा एक विशाल पेड़ जड़ समेत उखड़ गया, जिसकी चपेट में आने से पेड़ से बंधी गाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम चीता खेड़ा निवासी राजेश पिता अंबालाल प्रजापत ने अपनी गाय को खेत में खड़े एक पेड़ से बांध रखा था। रात में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं का दबाव इतना अधिक था कि खेत में खड़ा बड़ा पेड़ जड़ सहित उखड़कर गिर पड़ा। पेड़ से बंधी गाय उसके साथ दब गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

शुक्रवार सुबह जब किसान राजेश प्रजापत अपने खेत पर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। पेड़ के नीचे गाय मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद गाय को पेड़ से अलग किया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है और गुरुवार रात आई तेज आंधी ने कई स्थानों पर नुकसान पहुंचाया है। हालांकि इस घटना ने पशुपालकों को झकझोर कर रख दिया है।

किसान के आवेदन पर पहुंची राजस्व टीम, बनाया पंचनामा

घटना की सूचना मिलने पर किसान द्वारा प्रशासन को आवेदन दिया गया। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया।

पटवारी संदेश चेलावत, पटवारी हल्का क्रमांक-8 चीता खेड़ा, तहसील जीरन ने बताया कि संबंधित किसान द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ था। मौके पर पहुंचकर घटना का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार कर लिया गया है।

पशुपालकों के लिए चेतावनी

मानसून पूर्व क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो चुका है। विशेषज्ञों और ग्रामीणों ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को कमजोर या पुराने पेड़ों से न बांधें तथा सुरक्षित स्थानों पर रखें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।