NEWS: पिपलियामंडी नगर परिषद की बैठक सम्पन्न, 2026-27 का बजट सर्वसम्मति से पास, 47 नामांतरण मंजूर, जनता को राहत देते हुए कोई नया कर नहीं, पढ़े खबर
पिपलियामंडी। नगर परिषद के सभाकक्ष में रविवार को आयोजित साधारण सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा सुनील देवरिया द्वारा पार्षदों के स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद विधिवत कार्यवाही प्रारंभ की गई।

बैठक में प्रभारी लेखापाल महावीर जैन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय-व्यय बजट प्रस्तुत किया। बजट पर विस्तृत चर्चा के बाद परिषद के सभी सदस्यों ने इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया। बजट में नगर के विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया है।

इसके अलावा बैठक में प्रस्तुत 47 नामांतरण प्रकरणों पर भी विचार किया गया, जिन्हें परिषद ने सर्वानुमति से मंजूरी दे दी। इस निर्णय से नगरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बैठक की खास बात यह रही कि परिषद ने आम जनता को राहत देते हुए किसी भी प्रकार के करों में वृद्धि नहीं करने का निर्णय लिया। साथ ही कोई नया कर भी लागू नहीं किया गया।

इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा सुनील देवरिया, उपाध्यक्ष भारतसिंह सोनगरा, सीएमओ प्रवीण सेन, सभापति कमल गुर्जर, श्रवण चौहान, श्रीमती संगीता संजय धनोतिया, श्रीमती वंदना कमल तिवारी, ललित कसेरा, चेतना मुकेश पोरवाल, बलराम सोलंकी, श्रीमती धापूबाई अशोक कोहली, बाबू भाई मंसूरी, सरफराज मेव, उपयंत्री राजेश उपाध्याय, राजस्व प्रभारी महेंद्रसिंह राठौर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
