BIG NEWS: मंदसौर में नशे के सौदागरों पर दलौदा पुलिस का बड़ा प्रहार, एक्टिवा पर स्मैक और डोडाचूरा की खेप लेकर जा रहे पति-पत्नी गिरफ्तार, पढ़े खबर

श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी, 30 ग्राम स्मैक, 3.100 किलो डोडाचूरा, एक्टिवा और मोबाइल समेत 3.76 लाख रुपये का माल जब्त, दोनों पर पहले से भी दर्ज हैं तस्करी के मामले

BIG NEWS: मंदसौर में नशे के सौदागरों पर दलौदा पुलिस का बड़ा प्रहार, एक्टिवा पर स्मैक और डोडाचूरा की खेप लेकर जा रहे पति-पत्नी गिरफ्तार, पढ़े खबर

मंदसौर/दलौदा। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक और डोडाचूरा की तस्करी कर रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 ग्राम स्मैक पाउडर, 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा, एक एक्टिवा स्कूटी और दो मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.76 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविन्द्र प्रताप डांगी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक नीले रंग की एक्टिवा पर एक पुरुष और महिला अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर दलौदा-धुंधड़का रोड स्थित श्मशान घाट के पास घेराबंदी की गई। पुलिस ने संदिग्ध एक्टिवा को रोककर तलाशी ली तो महिला के पास रखे झोले से 30 ग्राम स्मैक पाउडर और 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा उर्फ शिवनारायण परिहार (34) और उसकी पत्नी नीलू (31) निवासी अंबिका नगर, दलौदा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 255/2026 के तहत धारा 8/21 एवं 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी रतलाम जिले के जावरा शहर थाने में मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं। वहीं मुख्य आरोपी शिवा के विरुद्ध अवैध शराब तस्करी और मारपीट के अपराध भी दर्ज पाए गए हैं।

जब्त सामग्री

30 ग्राम स्मैक पाउडर (कीमत लगभग ₹3 लाख)

3.100 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत लगभग ₹6 हजार)

एक्टिवा स्कूटी (MP ZH 6438) कीमत लगभग ₹70 हजार

दो एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत लगभग ₹1 लाख)

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र प्रताप डांगी, सउनि कैलाश बघेल, प्रधान आरक्षक अजीत सिंह, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र त्रिवेदी, आरक्षक युवराज सिंह, आरक्षक सुनील एवं महिला आरक्षक रीना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।