BIG NEWS : घर में अकेलापन, दिल में तूफान, और ट्रिगर दबते ही खत्म हो गई जिंदगी,गरोठ क्षेत्र में दर्दनाक आत्महत्या, पूर्व सरपंच के बेटे ने खुद को मारी गोली,परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पढ़े खबर
मंदसौर। जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के मलकाना गांव से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पूर्व सरपंच मोतीलाल मेहर के पुत्र श्यामलाल मेहर (42) ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

घर में अकेले उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को श्यामलाल ने अपनी मां और पत्नी को खेत पर काम के लिए भेज दिया था। इसके बाद घर में अकेले रहते हुए उन्होंने अपनी ही बंदूक से सिर में गोली मार ली। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही गरोठ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए गरोठ सिविल अस्पताल भेजा गया है। थाना प्रभारी हरीश मालवीय के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

मानसिक तनाव और कर्ज बना वजह?
परिजनों के अनुसार, श्यामलाल पिछले कुछ समय से मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और उनका इलाज कोटा के एस.एन. अग्रवाल अस्पताल में चल रहा था। साथ ही उन पर करीब 7 से 8 लाख रुपये का बैंक कर्ज भी था, जिससे वे काफी परेशान थे। पिता मोतीलाल मेहर ने भावुक होकर बताया कि अगर बेटे ने उन्हें कर्ज के बारे में बताया होता, तो वे अपनी पूरी जमीन बेचकर भी उसकी मदद कर देते।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
श्यामलाल अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटे का परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच जारी है।