NEWS: अघोषित बिजली कटौती से किसानों में नाराजगी, जिला कांग्रेस करेगी बिजली कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन, पढ़े खबर
रात में 2 से 3 घंटे बिजली बंद, दिन में भी बार-बार कटौती से ग्रामीण परेशान; राकेश जावरिया ने दी आंदोलन की चेतावनी
नीमच। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर किसानों और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। खेती-किसानी के व्यस्त समय में बिजली की अनियमित आपूर्ति से नाराज कांग्रेस ने अब बिजली विभाग के जिला कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। नीमच जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष राकेश जावरिया ने बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

जावरिया ने बताया कि वर्तमान में खेती-किसानी का कार्य जोरों पर चल रहा है। किसान दिनभर खेतों में मेहनत करने के बाद जब थका-हारा घर लौटता है, तो कई बार उसे बिजली बंद मिलती है। बिजली आने के कुछ ही समय बाद फिर कटौती कर दी जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय 2 से 3 घंटे तक बिजली बंद रहने के साथ दिन में भी बार-बार बिजली कटौती की जा रही है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज
राकेश जावरिया ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती के कारण ग्रामीणों की दिनचर्या और खेती-किसानी से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस समस्या को लेकर कांग्रेस पार्टी जल्द ही बिजली विभाग के जिला कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं की गई और व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील
जावरिया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सभी साथियों से अपील की है कि अघोषित बिजली कटौती के विरोध में आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर समर्थन दें।