BIG NEWS: नीमच से आज बदलेगी मध्यप्रदेश की ऊर्जा की तस्वीर! मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे ऐसा ऐलान, जिससे सस्ती बिजली और अरबों के निवेश का खुलेगा नया अध्याय, पढ़े खबर

BIG NEWS: नीमच से आज बदलेगी मध्यप्रदेश की ऊर्जा की तस्वीर! मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे ऐसा ऐलान, जिससे सस्ती बिजली और अरबों के निवेश का खुलेगा नया अध्याय, पढ़े खबर

भोपाल/नीमच। मध्यप्रदेश आज स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार, 29 जून को नीमच में 500 मेगावॉट के सोलर पार्क और शाजापुर में 450 मेगावॉट के सोलर पार्क का लोकार्पण करेंगे। इसी के साथ प्रदेश की पहली 440 मेगावॉट सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना के लिए पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) पर भी हस्ताक्षर होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी और प्रदेश के ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री करीब 1553.98 करोड़ रुपये की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों और विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी करेंगे। इससे प्रदेश में औद्योगिक विकास के साथ रोजगार और निवेश को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने बताया कि मुरैना की 440 मेगावॉट सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना मध्यप्रदेश की पहली ऊर्जा भंडारण परियोजना होगी। इसकी बिजली सिर्फ 2.70 रुपये प्रति यूनिट की रिकॉर्ड दर पर मिलेगी, जो देश की सबसे कम दरों में शामिल है।

वहीं नीमच के 500 मेगावॉट सोलर पार्क की बिजली 2.14 से 2.15 रुपये प्रति यूनिट की दर पर उपलब्ध होगी, जबकि शाजापुर के 450 मेगावॉट सोलर पार्क की दर 2.33 से 2.35 रुपये प्रति यूनिट तय हुई है। दोनों परियोजनाएं देश की सबसे किफायती सौर ऊर्जा परियोजनाओं में गिनी जा रही हैं।

मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध संचालक अमित तोमर के अनुसार, समारोह में प्रदेश के औद्योगिक विकास और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स की शुरुआत होगी। साथ ही निर्माणाधीन 550 मेगावॉट आगर सोलर पार्क का भी उल्लेख किया जाएगा, जहां बिजली उत्पादन की दर 2.44 से 2.45 रुपये प्रति यूनिट तय की गई है।

इन परियोजनाओं के शुरू होने से मध्यप्रदेश स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा, साथ ही भविष्य में सस्ती और हरित बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।